हरदोई में एक पिता ने अपनी बेटी के तिलक के बाद शादी में होने वाले खर्च से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। कोतवाली देहात के तकिया मजरा नीर में हुई इस घटना में पिता ने बेटी के दुपट्टे से फांसी लगाई। पुलिस ने लोहे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सर्वेश पुत्र पुत्तूलाल के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी करता था। बुधवार की देर शाम को सर्वेश घर पहुंचा और अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। उसने बेटी के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पड़ोसी जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का लोहे का दरवाजा खोला और शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सर्वेश के परिवार में पत्नी छोटी बिटिया के अलावा तीन बेटियां और चार बेटे हैं। बताया गया है कि सर्वेश ने अपनी बड़ी बेटी की शादी अहिरोरी के नेवलपुरवा में तय की थी। 13 अप्रैल को तिलक भी हो चुका था, लेकिन शादी की तारीख अभी तय नहीं हुई थी। मृतक के भाई कंपोडर ने बताया कि तिलक चढ़ने के बाद से सर्वेश परेशान दिख रहा था। उसे शादी के खर्च की चिंता सता रही थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Source link