नीमच में भाइयों पर तलवार से हमला:आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस पर रसूखदारों के दबाव का आरोप




नीमच में जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा पालसोड़ा में बिंदौली के दौरान दो भाइयों पर हुए हमले के विरोध में गुरुवार को नायक रघुवंशी समाज ने प्रदर्शन किया। समाज के सदस्यों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर डीएसपी निकिता सिंह को ज्ञापन सौंपा और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। समाज ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने राजनीतिक दबाव के कारण 15 हमलावरों के बजाय केवल तीन लोगों पर हल्की धाराओं में मामला दर्ज किया है। उनका कहना है कि पीड़ित अस्पताल में भर्ती हैं। ज्ञापन में बताया गया कि यह घटना 20 अप्रैल की रात को हुई थी। गांव में बिंदौली निकल रही थी, तभी महेंद्र रावत, गोविंद रावत और उनके साथियों ने विशाल नायक को खींचकर तलवारों और पत्थरों से हमला कर दिया। विशाल के भाई नरेंद्र को भी बीच-बचाव के दौरान चोटें आईं। पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय में बताया कि आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें रिपोर्ट वापस न लेने पर घर में आग लगाने तथा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एक आरोपी कथित तौर पर खुद को सेना का सदस्य बताकर गोली मारने की धमकी दे रहा है। नायक रघुवंशी समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराएं नहीं जोड़ी गईं और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान नहीं की गई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। पुलिस ने मामले की फाइल की दोबारा जांच करने और जांच के बाद अन्य आरोपियों के नाम जोड़ने का आश्वासन दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *