यूपी में भीषण गर्मी और लू का असर जारी है। 40 जिलों में लू और 17 जिलों में गर्म रात का अलर्ट है। प्रयागराज सबसे गर्म जिलों में रहा। 26 अप्रैल से मौसम फिर बदलेगा। पश्चिमी यूपी से आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर शुरू होगा। जो धीरे-धीरे पूरे प्रदेश को अपनी जद में ले लेगा। 28 अप्रैल तक पूरे यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। तभी लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, 29 अप्रैल से गर्मी फिर से अपने सख्त तेवर दिखाएगी। कानपुर में चलती बाइक पर बैठे 45 साल के सुनील कुमार की मौत हो गई। परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज धूप से उसकी जान गई। वहीं, पुलिस का कहना है कि हार्ट अटैक या हीट स्ट्रोक से मौत की आशंका है। लखनऊ जू में जानवरों के लिए बर्फ की सिल्ली, साफ पानी और कूलर के इंतजाम किए गए हैं। बाड़ों को ठंडा रखने के लिए 48 स्प्रिंकलर (फव्वारे) लगाए गए हैं। गोरिल्ला को तरबूज-ककड़ी खिलाया जा रहा है। वाराणसी के सारनाथ में मिनी जू में हिरण और बारहसिंगा को खरबूजा-खीरा खिलाया जा रहा। पक्षियों की डाइट बदल दी गई है। कानपुर में बाघ के लिए ORS के इंतजाम किए गए हैं। गुरुवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं 43.8 डिग्री के साथ सुल्तानपुर प्रदेश में दूसरे नंबर पर गर्म रहा। फर्रुखाबाद में 28 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रात रही। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- 26 अप्रैल से एक नए विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश भर में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और पश्चिमी यूपी, तराई आदि में बूंदाबांदी से पारे में गिरावट के संकेत हैं। कल की मौसम की 4 तस्वीरें… यहां है वार्म नाइट होने की संभावना सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, अमरोहा, संभल, बदायूं। बाबा विश्वनाथ के लिए जलधारा लगाई गई
प्रचंड गर्मी को देखते हुए अयोध्या, काशी और मथुरा के मंदिरों में खास इंतजाम किए गए हैं। काशी में बाबा विश्वनाथ के लिए जलधारा लगाई गई है। भक्तों के लिए कॉरिडोर में रेड कारपेट और जर्मन हैंगर लगाए गए हैं। ब्रज क्षेत्र में बांके बिहारी मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर और नंदबाबा समेत प्रमुख मंदिरों में फूल बंगले सजाए जा रहे हैं। भगवान को ठंडक देने के लिए खरबूजा, सत्तू जैसे भोग अर्पित किए जा रहे हैं। प्रियकांत जू मंदिर में भगवान के लिए नौका विहार की व्यवस्था की गई है। अयोध्या में रामलला के लिए गर्भगृह में तीन कूलर लगाए गए हैं।
Source link