सुपौल में ट्रैक्टर के नीचे आने से 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगंज पंचायत के वार्ड संख्या-2 की है। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी धीरेंद्र मंडल की बेटी अनुराधा कुमारी के रूप में हुई है। अनुराधा के चचेरे चाचा घर के समीप से मिट्टी काटकर ट्रैक्टर के माध्यम से भराई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान बच्ची जिद कर ट्रैक्टर पर बैठ गई। कुछ दूरी चलने के बाद अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया, जिससे अनुराधा नीचे गिर गई और पीछे आ रहे ट्रैक्टर के चक्के की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छातापुर लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आवेदन मिलने के बाद होगी कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही छातापुर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है। इस संबंध में गुरुवार सुबह छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link