डायन कहने का विरोध करने पर घर में घुसकर पीटा:शेखपुरा में 4 लोग घायल, एक की हालत गंभीर




शेखपुरा शहर के गिरिहिंडा मोहल्ला स्थित एफसीआई गोदाम के निकट मंगलवार रात एक महिला को ‘डायन’ कहने पर विवाद हो गया। परिवार वालों द्वारा विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर महिला सहित चार लोगों को बुरी तरह पीटा और घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान अमरजीत राम की पत्नी प्रतिमा देवी, उनके दो बेटे रौशन कुमार और सत्यम कुमार के साथ-साथ पड़ोसी इंद्र कुमार राम के बेटे दिलखुश कुमार के रूप में हुई है। दिलखुश कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। महिला को ‘डायन’ कहकर चिढ़ा रहे थे लोग घायलों ने बताया कि पड़ोस के अरविंद राम और अरुण राम सहित कुछ अन्य लोग कई दिनों से प्रतिमा देवी को ‘डायन’ कहकर चिढ़ा रहे थे। जब इस बात का विरोध किया गया, तो आरोपियों ने लोहे की रॉड और लाठियों से लैस होकर घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। बचाने आए दिलखुश कुमार पर भी हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल महिला प्रतिमा देवी के पति इन दिनों दिल्ली में मजदूरी करते हैं, जबकि वह अपने बच्चों के साथ घर पर रहती थीं। नगर थाना अध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *