फरीदकोट जिले में कोटकपूरा के गांव फिड्डे कलां में पंजाब सरकार की “मेरा घर मेरे नाम” योजना के तहत विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां द्वारा 178 परिवारों को उनके घरों के मालिकाना हक के दस्तावेज सौंपे गए। इस अवसर पर सभी परिवारों ने पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना के तहत उन परिवारों को मालिकाना हक दिया जा रहा है, जिनके पास अपने घरों के कानूनी दस्तावेज नहीं थे, ताकि वे अपनी संपत्ति का आगे सही उपयोग कर सकें। स्पीकर बोले- 178 परिवारों को मालिकाना दस्तावेज मिले कार्यक्रम के दौरान कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि पंजाब में कई ऐसे परिवार हैं, जो वर्षों से अपने घरों में रह रहे हैं, लेकिन उनके पास मालिकाना हक के दस्तावेज नहीं थे। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस योजना की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि फिड्डे कलां में 178 परिवारों को प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मालिकाना दस्तावेज दिए गए हैं। अब ये परिवार अपने घरों की कानूनी मालिकाना स्थिति साबित कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर अपनी संपत्ति बेच भी सकेंगे। इसके अलावा वे इन दस्तावेजों के आधार पर बैंकों से ऋण भी प्राप्त कर सकेंगे। इस दौरान स्पीकर संधवां ने गांव में 10 लाख की लागत से निर्मित होने वाली धर्मशाला का नींव पत्थर भी रखा। इस मौके पर एसडीएम कोटकपूरा सुखराज सिंह ढिल्लों, तहसीलदार परमिंदर सिंह वड़िंग, नायब तहसीलदार गुरचरण सिंह बराड़, बीडीपीओ विकास कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीण क्षेत्र के बाद शहरी क्षेत्रों में लागू होगी योजना- स्पीकर इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्पीकर संधवां ने कहा कि पहले चरण में यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में लागू की गई है और जल्द ही इसे शहरी क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार लगातार जनहित में काम कर रही है और यह योजना भी एक बड़ा जनकल्याणकारी कदम है।
Source link