जिला कलेक्टर आज आशीष मोदी ने कहा कि नाॅन वेंडिंग जोन में रेहड़ी-ठेला या दुकान लगाने वालों का AI के जरिए चालान काटा जाएगा। खाटू में प्रस्तावित रोपवे को लेकर एक बार फिर नए सिरे से विचार किया जाएगा। खाटू में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सीवरेह और ड्रेनेज की विशेष जरूरत है। यहां अतिक्रमण हटाने में पुलिस के सहयोग के लिए नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर आशीष मोदी ने आज खाटूश्यामजी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मीटिंग ली और आमजन से संवाद किया। कलेक्टर मोदी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं को विकसित करने के लिए और आमजन से खाटू के विकास के सुझाव लेने के लिए आज की मीटिंग हुई। जिसमें व्यापार मंडल समेत विभिन्न संगठनों के लोगों से श्रद्धालुओं की अपेक्षाओं और स्थानीय खाटू नगर वासियों की सुविधा को लेकर चर्चा हुई। मीटिंग में आमजन से मिले सुझाव पर गंभीरता से काम किया जाएगा। कलेक्टर मोदी ने कहा कि रास्तों से अतिक्रमण हटाने, सीवरेज-ड्रेनेज आदि विभिन्न प्रस्तावों की विभागवार DPR तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री खुद खाटू में श्रद्धालुओं के सुविधाओं के विकास को लेकर लगातार इनपुट ले रहे हैं। खाटूश्यामजी में पिछले कुछ समय से रुके हुए विकास कार्य जल्द ही दोबारा शुरु होंगे। खाटू में बढ़ते मूवमेंट को देखते हुए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और उप जिला अस्पताल के नए भवन का काम तेजी से चल रहा है। खाटू कस्बे में अस्थाई दुकानों और अतिक्रमण हटाने को लेकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने कहा कि पुलिस के साथ नगरपालिका और प्रशासन के अधिकारी भी कोआर्डिनेशन से काम करेंगे। अतिक्रमण मुक्त खाटू के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा। जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने कहा कि खाटूश्यामजी में बढ़ते ट्रैफिक प्रेशर और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाने के लिए डीजीपी को पत्र लिखा है। लगभग 1 सप्ताह में अतिरिक्त पुलिस जाब्ते की व्यवस्था हो जाएगी। वहीं, यातायात थाने के प्रस्ताव भिजवाया गया है फिलहाल प्रारंभिक तौर पर ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाने की व्यवस्था की गई है। खाटूवासियों ने निकास द्वार पर स्थाई 40 फीट रास्ता खोलने, कबूतर चौक पर पानी की टंकी के पास से अतिक्रमण हटाने, ट्रैफिक जाम का स्थाई समाधान, सीवरेज लाइन, नाॅन वेंडिंग जोन बनाने, रींगस से खाटू तक अधूरे पैदल मार्ग का काम पूरा करवाने की मांग रखी। ग्रामीण मोहन मावलिया ने मीटिंग में कहा कि खाटू कस्बे में ट्रैफिक जाम की समस्या से श्रद्धालुओं से ज्यादा स्थानीय लोग परेशान हैं। बाहर से आने वाली गाड़ियों की वजह से यहां के लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में खाटू कस्बे के चारों ओर रिंग रोड की जरुरत है। रिंग रोड बनने से रींगस से दांतारामगढ़, रेनवाल से सीकर जाने वाली गाड़ियों को भी खाटू कस्बे से होकर गुजरता है। कलेक्टर मोदी ने कहा कि रिंग रोड का प्रारंभिक काम शुरु हो गया है, जल्द ही खाटू के चारों तरफ रिंग रोड के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश रामूका ने प्रस्तावित रोप वे को कैंसिल करने की मांग की है। खाटूवासियों का कहना है कि खाटूश्याम बाबा का मंदिर मैदानी क्षेत्र में है, इसलिए यहां किसी भी रुप में रोप वे की जरुरत नहीं है। रोप वे बनने से कुछ विशेष लोगों को लाभ मिलेगा और खाटू आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अव्यवस्था बढ़ेगी। व्यापार मंडल अध्यक्ष सोनू जोशी, मंत्री श्याम सुंदर पूनियां ने मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने और अस्थाई वेंडर्स को हटाने की मांग की। ग्रामीणों ने ई-रिक्शों के अनियंत्रित संचालन पर पाबंदी लगाने की मांग की है। मीटिंग में एडीएम (सिटी) भावना शर्मा, एडिशनल एसपी दीपक गर्ग, डीएसपी राव आनंद, श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान समेत खाटू कस्बे के व्यापारी और आमजन मौजूद रहे।
Source link