पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को IPL के कमेंट्री पैनल से हटाने की मांग ट्रेंड कर रही है।- फाइल
पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह उर्फ भज्जी ट्रोलर्स को दिए जवाब पर फंस गए हैं। यह पूरा मामला IPL 2026 से जुड़ा है। इस सीजन में हरभजन सिंह हिंदी कमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं, जिसमें उनके साथ वीरेंद्र सहवाग और नवजोत सिंह सिद्धू जैसे दिग्गज शामिल हैं।
.
28 और 29 मार्च को खेले गए मैचों के दौरान सोशल मीडिया पर दर्शकों ने हरभजन सिंह और हिंदी कमेंट्री टीम को ट्रोल करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि हिंदी कमेंट्री का स्तर गिर रहा है। फैंस ने कहा कि कमेंटेटर खेल की तकनीकी बातों पर चर्चा करने के बजाय शायरी, मजाक और बेवजह की बातें ज्यादा कर रहे हैं।
विवाद तब और बढ़ गया जब एक यूजर ने कमेंट्री पैनल की फोटो शेयर कर उन्हें 3 जोकर कह दिया। कई दर्शकों ने तुलना करते हुए कहा कि इंग्लिश कमेंट्री में इयान बिशप जैसे एक्सपर्ट खेल की गहराई समझाते हैं, जबकि हिंदी पैनल केवल मनोरंजन तक सीमित रह गया है। इस पर भज्जी ने ट्रोलर्स को जवाब दिया। उन्होंने एक कमेंट में लिखा- हाथी चले बाजार, कुत्ते भौंके हजार।
भज्जी अब कमेंट्री बॉक्स में अपनी टिप्पणियों और सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स को दिए गए तीखे जवाबों के कारण फंस गए हैं। आलम यह है कि सोशल मीडिया पर उन्हें कमेंट्री पैनल से हटाने की मांग ट्रेंड कर रही है।
पहले जानिए ट्रोलर्स ने क्या कहा…
- धोनी ने लात मार के निकला था तेरे को टीम से: एक्स पर यूजर ने हरभजन की कमेंट्री और उनके पास्ट को निशाना बनाते हुए तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया। @होमलेंडर-वाई-वाई-वाई अकाउंट से लिखा गया कि घी मत खा भाई और क्यों भौंक रहा है, इसी की वजह से धोनी ने लात मार के निकाला था तेरे को टीम से।
- पाजी आप सबसे घटिया कमेंटेटर नहीं बन सकते: एक यूजर ने लिखा कि तीसरे दर्जे की कमेंट्री करने के बाद भी इस जोकर को लगता है कि कोई इस पर पेड पीआर चला रहा है। आपकी कमेंट्री बिल्कुल बेकार है, बहुत ही गंदी। जब तक सहवाग कमेंट्री बॉक्स में हैं, आप सबसे घटिया कमेंटेटर नहीं बन सकते, चिंता मत करो पाजी।
हरभजन सिंह ने दिया जवाब भज्जी ने ट्रोलर्स के खिलाफ फ्रंट फुट पर आकर जवाब दिया। होमलेंडर की पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए भज्जी ने लिखा- यह अंग्रेजी की एक अच्छी कहावत है- जो तेरे पर लागू होती है। अगर ना समझे तो अपनी पेड सेना की मदद ले लेना। गेट लॉस्ट नाउ। और हां अपनी असली शकल और आईडी से कर ना ट्वीट। इसके साथ ही उन्होंने एक इमेज शेयर की- जिस पर लिखा- हाथी चले बाजार, कुत्ते भौंके हजार।
हरभजन सिंह की पोस्ट…
फैंस ने पुराने विवादों को फिर से हवा दी इस पोस्ट के बाद हरभजन सिंह को ट्रोल किया गया। लोगों का कहना था कि एक राज्यसभा सांसद और पद्म श्री सम्मानित खिलाड़ी को एक गुमनाम ट्रोल के स्तर पर गिरकर फट्टू जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए था।
फैंस की नाराजगी यहीं तक सीमित नहीं रही। हरभजन के पुराने विवादों को फिर से हवा दे दी। यूजरों ने याद दिलाया कि कैसे IPL 2025 में उन्होंने जोफ्रा आर्चर की तुलना काली टैक्सी से करके नस्लीय टिप्पणी की थी।
साथ ही आर अश्विन के साथ उनके कथित कंपीटिशन और एमएस धोनी के प्रशंसकों के साथ उनके पुराने मतभेदों को भी दोबारा कुरेदा गया। दर्शकों का एक बड़ा वर्ग यह आरोप लगा रहा है कि हरभजन अपनी कमेंट्री में कुछ खास खिलाड़ियों के प्रति बायस्ड रहते हैं।
हरभजन को कमेंट्री से निकालने पर नहीं हुआ फैसला अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हरभजन सिंह को IPL कमेंट्री पैनल से निकाल दिया गया है। आधिकारिक तौर पर ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स और जियो सिनेमा ने अभी तक कोई टर्मिनेशन लेटर जारी नहीं किया है। लेकिन सूत्रों की मानें तो बीसीसीआई और ब्रॉडकास्टिंग टीम इस पूरे घटनाक्रम से बेहद नाराज है।
निकाले जाने की चर्चा के 3 मुख्य कारण
- ब्रांड वैल्यू को नुकसान का डर: ब्रॉडकास्टर का मानना है कि IPL एक पारिवारिक शो है। कमेंटेटर का सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करना ब्रॉडकास्टर की छवि को खराब करता है। सूत्रों का कहना है कि हरभजन सिंह की ट्रोलिंग और ट्रोलर्स को दिए जवाब से मैनेजमेंट खुश नहीं है।
- व्यूअरशिप फीडबैक खराब मिल रहा: सूत्रों ने बताया कि आईपीएल मैचों के दौरान मिल रहा डेटा से पता चला है कि हिंदी कमेंट्री के दौरान लोग ऑडियो बंद कर रहे हैं या इंग्लिश फीड पर स्विच कर रहे हैं।
- प्रोफेशनलिज्म की कमी: जतिन सप्रू और विवेक राजदान जैसे मंझे हुए एंकर्स के मुकाबले हरभजन का व्यवहार अनप्रोफेशनल माना जा रहा है। चर्चा है कि ब्रॉडकास्टर्स अगले कुछ मैचों के लिए पैनल में बड़ा फेरबदल कर सकते हैं, जिसमें हरभजन और सहवाग को कुछ समय के लिए ब्रेक दिया जा सकता है और उनकी जगह अन्य लोगों को लाया जा सकता है। 31 मार्च तक हरभजन सिंह आईपीएल के सीजन का हिस्सा थे। लेकिन उन पर तलवार लटकी हुई है। ब्रॉडकास्टर का फैसला तय करेगा कि भज्जी कमेंट्री बॉक्स में वापसी करेंगे या उन्हें सोशल मीडिया से क्लीन बोल्ड का शिकार होना पड़ेगा।
———
ये खबर भी पढ़ें…
थप्पड़ कांड के वीडियो पर भड़कीं श्रीसंत की पत्नी, बोलीं- ललित मोदी-क्लार्क को शर्म आनी चाहिए, दोनों खिलाड़ी अब आगे बढ़ चुके
पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह और एस. श्रीसंत का थप्पड़ कांड 17 साल बाद फिर सुर्खियों में है। IPL के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने हरभजन सिंह का श्रीसंत को थप्पड़ मारते का वीडियो जारी किया। इस पर श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ललित मोदी और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क पर भड़की। (पढ़ें पूरी खबर)