नूरुल अली | कानपुरकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 5 ग्राम स्मैक और 20,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपी जिस ऑटो से तस्करी करता था, जांच में उसके कागजात ना मिलने पर पुलिस ने ऑटो को भी जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी संजय ने बताया कि जाजमऊ के पेवंदी इलाके में मादक पदार्थ की बिक्री की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर ऑटो चालक भागने लगा। पुलिस ने ऑटो के आगे फ़िल्मी स्टाइल में बाइक लगाकर उसे रोका और आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लालबंगला के काजीखेड़ा निवासी रजत वर्मा बताया।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान रजत वर्मा के पास से स्मैक की पुड़िया और स्मैक बेचकर कमाए गए 20,500 रुपये बरामद हुए। बरामद 5 ग्राम स्मैक की बाजार कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये बताई जा रही है। मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी रजत जिस ऑटो से स्मैक की तस्करी करता था, उसके कागजात नहीं थे। इस पर मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई करते हुए ऑटो को सीज कर दिया गया है।
थाना प्रभारी संजय पांडेय ने यह भी बताया कि आरोपी रजत वर्मा के खिलाफ पहले भी बिठूर, चकेरी और जाजमऊ थानों में एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी स्मैक कहां से लाता था और इस तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के बाद सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।