वरुण कुमार शर्मा | मुजफ्फरनगरकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा और रोजगार मेले के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। इस कार्यक्रम में काले कपड़े पहनने वाले लोगों को प्रवेश नहीं दिया गया।
सुरक्षाकर्मियों ने काले रंग की पैंट, शर्ट, टी-शर्ट या किसी भी प्रकार के काले परिधान पहनने वालों को रोका। इसके अतिरिक्त, काले बैग लेकर आने वालों को भी गेट पर ही रोक दिया गया। कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी प्रवेश नहीं पा सके और उन्हें वापस लौटना पड़ा।
कार्यक्रम में शामिल होने आए कुछ बच्चों ने अपने बैग पास के कंपनी बाग की दीवार पर टांग दिए, ताकि उन्हें अंदर जाने की अनुमति मिल सके। वहीं, कई लोग निराश होकर वापस लौटते हुए भी देखे गए। एक युवक ने अंदर जाने के लिए अपनी काली शर्ट उतार दी, लेकिन अंदर पहनी काली बनियान के कारण उसे फिर भी प्रवेश नहीं मिल सका।
काला पैंट पहनने पर युवक को लौटा दिया गया।
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने पहले ही तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की थी। इसमें बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड, खुफिया एजेंसियां और भारी पुलिस बल तैनात था। किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए यह विशेष सख्ती बरती गई।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वृहद रोजगार मेले का शुभारंभ किया, जिसमें हजारों युवाओं के शामिल होने का अनुमान था और बड़ी संख्या में नियुक्तियों का लक्ष्य रखा गया था। इसके बाद उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया, जिसमें जयंत चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच काले कपड़ों पर रोक लगाई गई।