NH-28 पर हादसे में लोक गायक की मौत:बेगूसराय आते समय दो बाइक की टक्कर में हादसा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देते थे




बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र में NH-28 पर दुलारपुर गांव के नजदीक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में दो बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई, जिसमें बेगूसराय आ रहे एक सुप्रसिद्ध लोक गायक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान समस्तीपुर के विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेश्वर दक्षिण पंचायत निवासी दीपक कुमार सिंह (40) के रूप में हुई है। दीपक सिंह कुशल कलाकार और लोक गायक थे। वह क्षेत्र और आसपास के जिलों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति दिया करते थे। परिजनों ने बताया कि दीपक अपने घर से बेगूसराय की ओर किसी कार्यक्रम के सिलसिले में बाइक निकले थे। जब वह तेघड़ा दुलारपुर गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अपाचे बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अनुमंडलीय अस्पताल तेघड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक की स्थिति नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। तेघड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है। घटना की सूचना जैसे ही मृतक के गांव मऊ धनेश्वर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन आनन-फानन में सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचे। मृतक के भाई पंकज कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि दीपक चार भाइयों में सबसे बड़े थे। पुलिस ने परिजनों को दी सूचना पंकज ने बताया कि अपने पीछे तीन बेटों और परिवार को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। भैया घर से बेगूसराय की तरफ निकले थे। फोन पर सूचना मिली कि दुलारपुर के पास एक्सीडेंट हो गया है। उनके नंबर पर फोन किया तो पुलिस ने बताया एक्सिडेंट हो गया है। जब हम लोग तेघड़ा अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। तेघड़ा अस्पताल में पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। फिलहाल देर रात सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। इस दुखद घटना से समस्तीपुर और बेगूसराय के कला जगत में शोक की लहर है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *