पटना मेट्रो ने प्रायोरिटी कॉरिडोर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मेट्रो के ISBT स्टेशन और पटना डिपो को जोड़ते हुए अंतिम यू-गर्डर को लॉन्च कर दिया गया है। यह यू-गर्डर पिलर नंबर 187–188 के बीच अप लाइन में लॉन्च किया गया है।
.
अंतिम गर्डर की लॉन्चिंग के साथ ही प्रायोरिटी कॉरिडोर के सिविल वर्क का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है। इसके साथ ही इस कॉरिडोर के लिए सभी प्रीकास्ट एलिमेंट्स की स्थापना का काम पूरा हो गया है।
अंतिम यू-गर्डर की लॉन्चिंग।
यू-गर्डर लांचिंग की शुरुआत 26 जनवरी 2023 को हुई थी
यह उपलब्धि इस परियोजना के निर्माण कार्य में एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। पटना मेट्रो में यू-गर्डर लांचिंग की शुरुआत 26 जनवरी 2023 को की गई थी। तब से लेकर अब तक कुल 328 यू-गर्डर स्थापित किए गए हैं।
इन यू-गर्डर्स के माध्यम से एलिवेटेड ट्रैक का ढांचा तैयार किया जाता है, जिस पर मेट्रो ट्रेनें चलेंगी। अब अगले चरण में ट्रैक बिछाने, सिग्नलिंग, ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन और स्टेशन से जुड़े फिनिशिंग कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।
पहला यू-गर्डर की लॉन्चिंग (फाइल फोटो)।
ट्रैफिक जाम और डायवर्जन से मिलेगी राहत
पटना मेट्रो के मुताबिक यू-गर्डर लॉन्चिंग के दौरान कई स्थानों पर सुरक्षा कारणों से यातायात को डायवर्ट करना पड़ता था। इससे आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। अब इस प्रमुख कार्य के पूरा होने के बाद लोगों को ट्रैफिक जाम और डायवर्जन से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
पटना मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर में आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ रोड़, खेमनीचक और मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन शामिल है। जिसमें अभी सिर्फ आईएसबीटी से भूतनाथ रोड़ स्टेशन तक मेट्रो का परिचालन हो रहा है।