जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मुकाबलों को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। राजस्थान रॉयल्स के चेयरपर्सन रणजीत बरठाकुर तैयारियों का जायजा लेने जयपुर पहुंचे। इस बीच दैनिक भास्कर से उन्होंने खास बातचीत की और टीम, नए ओनर, खिलाड़ियों और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर बात की। सवाल – राजस्थान रॉयल्स के ओनर बदल चुके है। क्या वह इस सीजन से टीम की कमान संभाल रहे है? जवाब – राजस्थान रॉयल्स को किसी और ओनर को बेचने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। यह ट्रांजैक्शन इस साल सितंबर तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद ही पूरी जानकारी साझा की जा सकेगी। हालांकि इतना जरूर कहूंगा कि नए मालिक मूल रूप से राजस्थान से ही हैं। सवाल – राजस्थान रॉयल्स टीम के प्रदर्शन और जीत-हार को कैसे देखते हैं? जवाब – किसी भी खेल में जीत और हार दोनों महत्वपूर्ण होती हैं। IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में हर मैच अलग होता है। ज्यादा जीत अच्छी है, लेकिन हार भी बहुत कुछ सिखाती है और आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करती है। सवाल – राजस्थान रॉयल्स टीम में आपका पसंदीदा खिलाड़ी कौन है? जवाब – मेरे लिए पूरी टीम ही खास है। हर खिलाड़ी अपनी भूमिका में बेहतरीन योगदान दे रहा है। मैं किसी एक खिलाड़ी को अलग से पसंद नहीं कर सकता, सभी मेरे लिए बराबर हैं। सवाल – क्या जयपुर के अलावा राजस्थान के अन्य शहरों में भी IPL मैच हो सकते हैं? जवाब – हमने पहले जोधपुर में मैच आयोजित करने की कोशिश की थी, लेकिन वह संभव नहीं हो पाया। उदयपुर के नजदीक नाथद्वारा स्थित मिराज स्टेडियम के मालिक ने भी हमसे संपर्क कर बातचीत की। वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारियों से मिलकर भी वहां मैच की संभावनाओं पर चर्चा कर चुके हैं। लेकिन फिलहाल वहां IPL के लिए फिजिबिलिटी नजर नहीं आ रही है। सवाल – राजस्थान रॉयल्स में राजस्थान का सिर्फ एक खिलाड़ी है। इस पर आपका क्या सोचना है? जवाब – राजस्थान रॉयल्स में इस बार रवि बिश्नोई शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें मैनेजमेंट ने एक अच्छे अमाउंट में टीम के लिए खरीदा है। उनसे पहले दीपक चाहर, राहुल चाहर और अशोक शर्मा जैसे खिलाड़ी भी अच्छा कर चुके हैं। मेरा मानना है कि खिलाड़ियों को अलग-अलग टीमों से खेलना चाहिए, इससे उनका अनुभव बढ़ता है और राज्य को भी फायदा मिलता है। फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खिलाड़ियों को बड़ा प्लेटफार्म मिलता है। सवाल – राजस्थान सरकार से कितना सहयोग मिल रहा है? जवाब – राजस्थान में नई सरकार का हमें पूरा सहयोग मिल रहा है। इस बार इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर खास ध्यान दिया जा रहा है। सवाई मानसिंह स्टेडियम की सीटिंग कैपेसिटी बढ़ाकर 40 हजार करने की योजना है, जिस पर IPL के बाद काम शुरू होने की संभावना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी भी इसको लेकर गंभीर है। सवाल – राजस्थान रॉयल्स टीम के साथ आपका सबसे यादगार अनुभव कौनसे खिलाड़ी के साथ रहा है? जवाब – मेरे लिए सबसे खास अनुभव शेन वॉर्न के साथ रहा है। उनके नेतृत्व में टीम ने जो ऊर्जा दिखाई, वह आज भी यादगार है। सवाल – राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ियों पर क्या राय है? जवाब – वैभव सूर्यवंशी अभी नया खिलाड़ी है, उसे समय और सही ट्रेनिंग की जरूरत है। उसे धैर्य के साथ खेलना होगा। वहीं बृजेश शर्मा भी एक शानदार युवा गेंदबाज हैं। इस बार टीम का कॉम्बिनेशन काफी मजबूत नजर आ रहा है। ————— ये खबर भी पढ़िए जयपुर में IPL के चार मैच होंगे:गिल, पंत, अभिषेक और अक्षर को खेलते देख पाएंगे फैंस; जानें- राजस्थान रॉयल्स के कब होंगे मुकाबले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के चार मैच जयपुर में होंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार को IPL के सेकेंड फेज का शेड्यूल जारी किया। इसमें राजस्थान रॉयल्स के चार मैच उसके होम ग्राउंड सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जाएंगे। (पढ़िए पूरी खबर)
Source link