यशवर्धन कड़वासरा की ऑल इंडिया 11वीं रैंक आई है।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा सोमवार को जेईई मेन 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। इसमें श्रीगंगानगर के यशवर्धन कड़वासरा ने ऑल इंडिया में 11वीं रैंक हासिल की है।
.
यशवर्धन ने इस सफलता का श्रेय अपनी लगन और स्मार्ट तैयारी को दिया। उन्होंने रोजाना 8 घंटे सेल्फ स्टडी के साथ दो अन्य इंस्टीट्यूट के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से कोचिंग ली। बिना कोचिंग सेंटर में घंटों बिताए, घर पर अनुशासित दिनचर्या के जरिए उन्होंने इस कठिन परीक्षा में टॉप रैंक हासिल की।
माता- पिता, दोनों टीचिंग बैकग्राउंड से
यशवर्धन शिक्षा के मजबूत वातावरण में पले-बढ़े हैं। उनके पिता प्रो. राजेन्द्र कुमार कड़वासरा डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय, श्रीगंगानगर में वनस्पति शास्त्र के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष हैं। जबकि माता सुमन राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, सावंतसर में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं।
इससे पहले उनके बड़े भाई आदित्य ने नीट परीक्षा में 54वीं रैंक हासिल की थी और वर्तमान में एम्स दिल्ली में चौथे सेमेस्टर में चिकित्सा की पढ़ाई कर रहे हैं। भाई की सफलता ने यशवर्धन को भी प्रेरणा दी। यशवर्धन अब जेईई एडवांस्ड की तैयारी में जुट गए हैं और आईआईटी में दाखिले का सपना देख रहे हैं।