बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपनी आगामी फिल्म भूत बंगला के ट्रेलर लॉन्च के दौरान राजस्थान से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि जयपुर में फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें एक ऐसी सेल्फी मिली, जिसे वह आज भी अपनी पसंदीदा तस्वीरों में से एक मानते हैं और उसे कभी नहीं भूल सकते। अक्षय कुमार ने बताया कि फिल्म की शूटिंग चौमू पैलेस में की जा रही थी। यह वही लोकेशन है, जहां उनकी सुपरहिट फिल्म भूल भुलैया की भी शूटिंग हुई थी। शूटिंग के दौरान एक महिला प्रशंसक उनसे मिलने आई और सेल्फी लेने का अनुरोध किया। खास बात यह थी कि महिला ने पूरी तरह घूंघट ओढ़ रखा था और सेल्फी लेते समय भी उसने अपना चेहरा नहीं दिखाया। अक्षय कुमार ने मीडिया को वह सेल्फी दिखाते हुए कहा कि उन्होंने एक सेल्फी मांगी, लेकिन अपनी शक्ल नहीं दिखाई। उन्होंने अपने कल्चर को पकड़े रखा। मैं इसे कभी नहीं भूल सकता। यही राजस्थान की खूबसूरती है। जयपुर की लोकेशनों पर हुई फिल्म की शूटिंग अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला की शूटिंग जयपुर की कई ऐतिहासिक और धार्मिक लोकेशनों पर की गई है। इनमें चौमू पैलेस के अलावा गलता जी मंदिर क्षेत्र भी शामिल है। इन लोकेशनों ने फिल्म को एक रहस्यमयी और भव्य माहौल देने में अहम भूमिका निभाई है। फिल्म भूत बंगला का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, वामिका गब्बी, परेश रावल, असरानी और राजपाल यादव जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की कहानी एक ऐसे महल के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां एक शादी होने वाली है, लेकिन उस महल से जुड़ी एक डरावनी लोककथा पूरे घटनाक्रम को रहस्यमय बना देती है।
Source link