अज्ञात वाहन की टक्कर से पिता की मौत, बेटी घायल:पीलीभीत में बहन के घर से लौटते समय हुआ हादसा, जिला अस्पताल रेफर




पीलीभीत के करेली थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से पिता की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर किया है। यह घटना गुरुवार देर रात की है। शाहजहांपुर जनपद के थाना बंडा क्षेत्र के अजमतपुर गांव निवासी देवेंद्र सिंह (पुत्र सूबेदार सिंह) अपनी बेटी अन्नू के साथ बाइक से करेली थाना क्षेत्र के पंडरी मरौरी गांव में अपनी बहन के घर गए थे। घर लौटते समय मीरपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिता-पुत्री दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बिलसंडा सीएचसी में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर अखिलेश कुमार ने देवेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि बेटी अन्नू को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। मृतक देवेंद्र के बेटे ने बताया कि उनके पिता बुआ और दीदी के घर गए थे और शाम तक घर लौटने की बात कही थी। डायल 112 के पुलिसकर्मी विक्रांत साक्रोत ने बताया कि उन्हें अर्जुन नामक युवक ने फोन कर दो लोगों के घायल होने की सूचना दी थी, जिसके बाद तत्काल घायलों को बिलसंडा सीएचसी पहुंचाया गया। थाना अध्यक्ष विपिन शुक्ला ने पुष्टि की कि मीरपुर के पास दुर्घटना हुई है और टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चल पाया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *