देवास जिले में 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए आज 15 अप्रैल (बुधवार) से पंजीयन शुरू हो गए हैं। जिले में केवल एक ही पंजीयन केंद्र बनाए जाने के कारण पहले ही दिन भारी भीड़ और अव्यवस्था देखने को मिली। वर्तमान में केवल 50 टोकन दिए जाने की बात को लेकर मौके पर मौजूद 300 से 400 श्रद्धालुओं के बीच विवाद और हंगामे की स्थिति बनी हुई है। रात 8 बजे पहुंचे लोग, दरी बिछाकर बैंक के बाहर गुजारी रात पंजीयन के लिए श्रद्धालु मंगलवार रात 8 बजे से ही केंद्र पर पहुंचने लगे थे। कई लोगों ने बैंक के सामने ही दरी बिछाकर पूरी रात गुजारी। वहीं, बड़ी संख्या में महिलाएं भी सुबह करीब 5 बजे ही बैंक पहुंच गई थीं। सुबह होते ही बैंक के बाहर लोगों की लंबी कतार लग गई, जिससे हंगामा और अव्यवस्था की स्थिति बन गई। लाइन में आगे लगने को लेकर श्रद्धालुओं के बीच कई बार विवाद भी हुए। यात्री बोले- पानी का इंतजाम नहीं, न ही पुलिस की कोई व्यवस्था पंजीयन केंद्र पर मौजूद यात्री कन्हैया पटेल ने बताया कि उन्होंने रातभर बैंक के बाहर गुजारी है। वहां की अव्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने कहा, “वहां पानी का कोई इंतजाम नहीं था और न ही लाइन को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस की कोई व्यवस्था थी।” 300 से 400 लोग मौजूद, सिर्फ 50 टोकन देने की बात से आक्रोश बुधवार सुबह बैंक खुलने के समय भीड़ लगातार बढ़ती गई। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं का कहना था कि अधिकारियों द्वारा उन्हें केवल 50 टोकन दिए जाने की बात कही जा रही है। जबकि मौके पर करीब 300 से 400 लोग मौजूद थे। टोकन कम होने और भीड़ ज्यादा होने के कारण लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
Source link