अशोकनगर जिले में मंगलवार शाम एक 14 वर्षीय किशोर की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना कचनार थाना क्षेत्र के महू आलमपुर गांव की है। किशोर अपने दोस्त के साथ खेत में गेहूं की बालियां बीनने गया था। वहां गर्मी लगने पर वह कुएं में नहाने लगा और गहरे पानी में चला गया। वर्तमान में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। दोस्त ने गहरे कुएं में नहाने से किया था मना जानकारी के अनुसार, महू आलमपुर निवासी 14 वर्षीय विकास पुत्र वनबीर कुशवाह मंगलवार दोपहर अपने एक दोस्त के साथ खेतों में गेहूं की बालियां बीनने गया था। कुछ देर तक बालियां बीनने के बाद विकास को गर्मी लगी और वह पास ही बने एक कच्चे कुएं में नहाने जाने लगा। उसके दोस्त ने कुएं के गहरे होने की बात कहकर उसे वहां नहाने से मना किया था, लेकिन विकास नहीं माना। किनारे पर नहाते समय गहरे पानी में गया विकास विकास कपड़े उतारकर कुएं में नहाने लगा। यह कच्चा कुआं लगभग ऊपर तक पानी से भरा हुआ था और काफी गहरा भी था। नहाने के दौरान किनारे पर मौजूद विकास अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। विकास को डूबता देख उसका साथी तुरंत गांव की तरफ भागा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने निकाला बाहर, अस्पताल में घोषित किया मृत सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल कुएं में तलाश शुरू की और कुछ ही देर में विकास को पानी से बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। इसके बाद विकास को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को रात भर पोस्टमार्टम गृह में रखवाया गया और बुधवार सुबह पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
Source link