आप MLA पठानमाजरा बठिंडा सेंट्रल जेल में शिफ्ट:रेप केस में तीन दिन से ज्यूडिशियल रिमांड पर पटियाला सेंट्रल जेल में था विधायक




आम आदमी पार्टी के सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला सेंट्रल जेल से बठिंडा सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। पठानमाजरा रेप केस में ज्यूडिशियल रिमांड पर पटियाला सेंट्रल जेल में थे। जानकारी के अनुसार सुरक्षा कारणों से पठानमाजरा को बठिंडा जेल भेजा गया है। बठिंडा सेंट्रल जेल को काफी सुरक्षित माना जाता है और वहां पर सुरक्षा के अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। हालांकि बठिंडा सेंट्रल जेल में कई बड़े हार्डकोर क्रिमिनल भी बंद हैं। पठानमाजरा को कोर्ट ने तीन दिन पहले ही ज्यूडिशल रिमांड पर पटियाला सेंट्रल जेल में भेजा था। जेल विभाग के उच्च अधिकारियों के आदेश पर पठानमाजरा को पटियाला से बठिंडा जेल में शिफ्ट किया गया है। पटियाला जेल के अधीक्षक गुरचरण सिंह धालीवाल का कहना है कि सुरक्षा कारणों से ऐसी कार्रवाई की गई है। दूसरी ओर, पठानमाजरा के परिवार का कहना है कि उन्हें परेशान करने के लिए ऐसा किया गया है। हरमीत सिंह सिंह पठानमाजरा को पुलिस ने 25 मार्च तड़के ग्वालियर के शिवपुरी से गिरफ्तार किया था। उसके बाद पटियाला पुलिस उसे लेकर पंजाब आई। पुलिस ने पठानमाजरा को कोर्ट में पेश किया और पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया। पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद उसे पटियाला सेंट्रल जेल में रखा गया। आठ अप्रैल को जेल विभाग के सीनियर अधिकारियों ने पठानमाजरा को सुरक्षा कारणों का हवाला देकर पटियाला से बठिंडा सेंट्रल जेल शिफ्ट करने के आदेश दिए। जेल सुपरिंटेंडेंट ने भी तुरंत पठानमाजरा को बठिंडा शिफ्ट करवा दिया। पुलिस ने जारी किया था LOC पुलिस ने उनका लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर रखा था। पठानमाजरा 2022 में पटियाला की सनौर विधानसभा सीट से MLA चुने गए हैं। केस में राहत के लिए पठानमाजरा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर रखी थी। इसकी सुनवाई आज ही होनी थी। इसी को लेकर वह करीब 9 दिन पहले ऑस्ट्रेलिया से भारत लौटे थे। पठानमजारा पर केस दर्ज करवाने वाली महिला ने लगाए ये आरोप…
तलाकशुदा बताकर शादी रचाई, रेप किया- MLA पठानमाजरा पर 1 सितंबर, 2025 को पटियाला के सिविल लाइंस थाने में रेप, फ्रॉड और धमकाने के आरोप में FIR दर्ज हुई थी। इसमें महिला ने बताया कि साल 2013-14 में उसकी मुलाकात पठानमाजरा से फेसबुक के जरिए हुई थी। पठानमाजरा ने कहा था कि उनका तलाक हो गया है। वह शादी के लिए दूसरा रिश्ता ढूंढ रहे हैं। इसके बाद उसकी पठानमाजरा से जान-पहचान हो गई। इसी दौरान विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताते हुए शादी का प्रपोजल रखा। लुधियाना के जगराओं स्थित गुरुद्वारे में हुई थी शादी- महिला ने कहा कि पठानमाजरा के तलाकशुदा होने पर यकीन कर उसने हां कर दी। इसके बाद 14 अगस्त 2021 को लुधियाना के जगराओं स्थित गुरुद्वारे पत्ती मुल्तानी में दोनों का आनंदकारज (शादी) हुआ। इस दौरान पठानमाजरा ने गुरुद्वारे के ग्रंथी के सामने भी खुद को तलाकशुदा बताया। महिला का कहना है कि विवाह के बाद उसे लुधियाना के मजीठिया एन्क्लेव स्थित एक मकान में रखा गया, जहां वह खुद को विधायक की कानूनी पत्नी मानकर उनके साथ रहती रही। हलफनामा देखा तो पता चला तलाक नहीं हुआ: महिला ने आगे कहा- मार्च 2022 में जब पठानमाजरा ने AAP के टिकट पर सनौर सीट से चुनाव लड़ा, तो हलफनामे में उन्होंने अपनी पहली पत्नी का नाम लिखा और खुद को विवाहित बताया। यह देखकर उसे पता चला कि पठानमाजरा का तलाक नहीं हुआ था। विधायक ने झूठ बोलकर न केवल धोखा दिया बल्कि लगातार शारीरिक शोषण और रेप किया। अंतरंग पलों के वीडियो बनाने का पठानमाजरा पर आरोप: पठानमाजरा पर आरोप लगाने वाली महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक ने उसके साथ अंतरंग पलों के वीडियो बनाए और बाद में इन्हीं वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाया। जुलाई 2024 में भी उसे एक कॉल आई जिसमें विधायक ने कहा कि अगर वह उनके पास नहीं आई तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत 14 अगस्त 2022 को दी थी। हालांकि, 2025 तक पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज नहीं की। मगर, पिछले साल अचानक 3 साल बाद पुलिस ने महिला की शिकायत का संज्ञान लेते हुए विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी), 506 (धमकी) और 376 (रेप) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। 2 सितंबर को पुलिस गिरफ्त से भागे थे पठानमाजरा पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने 2 सितंबर 2025 को हरियाणा के करनाल से पकड़ा और वो पुलिस गिरफ्त से फरार हो गए थे। उस पर आरोप था कि उसने पुलिस पर फायरिंग की और वहां से फरार हो गया। फरार होने के बाद कोर्ट ने उसे भगौड़ा करार दिया। पुलिस ने पठानमाजरा के लुकआउट नोटिस जारी किए। नेपाल के रास्ते आस्ट्रेलिया भागा: पठानमाजरा पुलिस गिरफ्त से भागने के बाद नेपाल पहुंचा और वहां से आस्ट्रेलिया चले गया। फरवरी में उसने ऑस्ट्रेलिया में एक चैनल को इंटरव्यू दिया ओर पुलिस को तब पता चला कि वो विदेश भाग गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *