इटारसी में शौचालय विवाद में युवक की हत्या:मुख्य आरोपी नरेंद्र उर्फ टोबा 12 घंटे में गिरफ्तार




इटारसी के सूरजगंज इलाके में शौचालय विवाद को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी को घटना के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान बांस डिपो के पास सूरजगंज निवासी 36 वर्षीय भीमा पिता रमेश अहिरवार के रूप में हुई है। यह घटना बुधवार को हुई। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी नरेंद्र उर्फ टोबा, जो सूरजगंज, बांस डिपो के पास का निवासी है, उसे शहर के आवाम नगर क्षेत्र से पकड़ा गया। थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने गिरफ्तारी की पुष्टि की। पहले आंखों में डाली मिर्च पुलिस ने बताया कि विवाद आरोपी के घर के पीछे सड़क पर बने शौचालय को लेकर शुरू हुआ था। आरोपी को इस शौचालय से परेशानी थी। इसी बात पर आरोपी ने मृतक से गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने भीमा की आंखों में मिर्ची डाली और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भीमा को तत्काल इटारसी अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर हेमंत यादव ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक के सीने और जांघ में चाकू के गहरे घाव पाए गए। घटना के दौरान मृतक की भतीजी ज्योति चौधरी ने अपने चाचा को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *