औरंगाबाद में थ्रेसर मशीन में फंसकर मजदूर की मौत:दस दिन बाद थी बेटे की शादी, शादी की खुशियां मातम में बदली




औरंगाबाद में गेहूं कटाई के दौरान एक हादसे में थ्रेसर मशीन में फंसकर एक मजदूर की मौत हो गई। घटना सदर प्रखंड के दोसमा गांव की है। मृतक की पहचान दोसमा गांव निवासी बुधन भुइया (52 ) के रूप में की गई है। वह गांव के ही कृष्ण रिकियासन के साथ मिलकर केवल मिस्त्री के थ्रेसर मशीन पर गेहूं की कटाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक किसी तकनीकी गड़बड़ी या असावधानी के कारण वह थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गए। मशीन में फंसने से उन्हें गंभीर चोटें आईं । घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह मशीन को बंद कर उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल, ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 10 दिन बाद आने वाला था तिलक बुधन भुइया के घर में उनके बेटे बिट्टू कुमार की शादी को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। शादी की तिथि भी तय हो चुकी थी।26 अप्रैल को तिलक और 30 अप्रैल को बारात जानी थी। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका था और परिवार के सदस्य खरीदारी व अन्य तैयारियों में जुटे थे। परिवार में उत्सव का माहौल था। शादी की तैयारियों को लेकर हर कोई उत्साहित था, लेकिन इस अचानक हुई घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया। जिस घर में शहनाई बजने वाली थी, वहां अब सन्नाटा छा गया है। शादी की तैयारियां पूरी तरह रुक गई हैं और परिजन सदमे में हैं। मृतक के परिवार की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। बुधन भुइया के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें से चार बच्चों की शादी हो चुकी है। वे परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे और उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है। साथ ही खेतों में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *