कटनी में ऑटो पलटा, जबलपुर के अधेड़ की मौत:शादी समारोह से लौटते समय मुड़हरा के पास हुआ हादसा




कटनी के बड़वारा थाना क्षेत्र में बुधवार को मुड़हरा गांव के पास एक अनियंत्रित ऑटो पलटने से हादसा हो गया। इस दुर्घटना में ऑटो सवार दो यात्री गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें से एक व्यक्ति को जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक जबलपुर का निवासी था और एक वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहा था। जानकारी के अनुसार, ऑटो पोनियां से कटनी मुख्यालय की ओर जा रहा था। भटिया-मुड़हरा गांव के पास पहुंचते ही चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ऑटो पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे में घायल दो यात्रियों में से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने भारतपुरी गोस्वामी (50 वर्ष), पिता गणेश पुरी गोस्वामी, निवासी भेड़ाघाट, जबलपुर को मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि मृतक भारतपुरी गोस्वामी पोनियां गांव में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे। बुधवार को वे अपने घर जबलपुर लौटने के लिए कटनी से ट्रेन पकड़ने हेतु ऑटो में सवार हुए थे। हालांकि, गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया है। हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *