अजमेर की सिविल लाइंस थाना पुलिस ने म्यूल हंटर अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी के मामले में मुख्य आरोपी मुकेश खारोल (26) को दबोच लिया है। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के बैंक स्टेटमेंट से 14.78 लाख रुपए के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा किया। एसएचओ शंभु सिंह शेखावत के मुताबिक साइबर पोर्टल से मिले साइबर ठगों का बैंक स्टेटमेंट की जांच में खाता संख्या 44741186813 संदिग्ध पाया गया। जांच में सामने आया कि 15 दिसंबर 2025 से 9 फरवरी 2026 तक इस खाते में 14,78,300 रुपए का संदिग्ध ट्रांजेक्शन हुआ। खाताधारक राकेश कुमार मेघवंशी से पूछताछ में मामले की परतें खुलती चली गईं। राकेश के अन्य 5 खातों पर पहले से साइबर ठगी की 13 शिकायतें दर्ज थीं। लालच का खेल: 3% कमीशन पर सौदा पुलिस के अनुसार घूघरा घाटी निवासी मुकेश खारोल इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वह कम पढ़े-लिखे या जरूरतमंद लोगों को ठगी की राशि का केवल 3 प्रतिशत कमीशन देने का लालच देता था। बदले में वह उनके चेक-बुक, एटीएम कार्ड और पासबुक अपने पास रख लेता और दस्तावेज अन्य साइबर ठगों को भेज देता। ये ठग डिजिटल अरेस्ट, जीएसटी और मनी हेल्प के नाम पर लोगों को डराकर पैसे वसूलते थे। खाताधारक आरोपी रिमांड पर, पूछताछ जारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खाताधारक राकेश कुमार को 5 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुख्य सूत्रधार मुकेश खारोल की जानकारी मिली। इसके बाद मुकेश को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर है और गिरोह के अन्य गुर्गों के बारे में पूछताछ जारी है। यह खबर भी पढ़ें…… म्यूल अकाउंट होल्डर 3 फीसदी लेता था कमीशन: खातों में साइबर फ्रॉड की 14.78 लाख रुपए की राशि का लेन-देन; आरोपी गिरफ्तार
Source link