कलेक्टर टीना डाबी ने शिकायत सुनते ही हटवाया अतिक्रमण:7 घंटे समस्याएं सुनीं; कहा- शिकायतों का रजिस्टर मेंटेन करें




टोंक कलेक्टर टीना डाबी ने जिला मुख्यालय पर पहली जिला स्तरीय मासिक जनसुनवाई की। कलेक्टर ने 7 घंटे तक लगातार लोगों की समस्याओं को सुना। बिजली-पानी और सीवरेज की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं के साथ मौके पर भेजा और फीडबैक लिया। कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। टोकन सिस्टम से एक-एक करके फरियादी को अंदर भेजा गया। इसके लिए पहली बार टोंक SDM, टोंक DSP भी व्यवस्था बनाते नजर आए। वे भी लोगों को बाहर आकर लोगों से टोकन के नंबर के हिसाब से अंदर जाने के लिए समझाते रहे। सुबह 10 बजे जनसुनवाई में आई कलेक्टर टीना डाबी की जनसुनवाई में SDM हुकमीचंद रोलानिया, टोंक डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा शुरुआत में परिवादियों को अंदर लेकर आए। इस दौरान देवली उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर भी मौजूद रहे। इसमें जिले के दूरदराज के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने 196 परिवाद दर्ज कराकर व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को बताया। कलेक्टर बोलीं- शिकायतों का रजिस्टर बनाएं, ट्रैक करना आसान होगा इस दौरान कलेक्टर ने कहा- सभी जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी जनसुनवाई में आए प्रकरणों का रजिस्टर तैयार करें। इससे प्रकरणों को ट्रैक करना आसान रहेगा। उन्होंने कहा ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक स्तर पर निस्तारित होने वाले प्रकरण जिला स्तर पर नहीं आए। इसे गंभीरता से लिया जाएगा। साथ ही अधिकारी प्रकरणों को अनावश्यक लंबित नहीं रखें। परिवादी को स्पष्ट एवं स्थाई समाधान देकर राहत प्रदान करें। पढ़िए लोगों ने बताई समस्या… साफ-सफाई; इलाज में लापरवाही की शिकायत नगर परिषद टोंक के वार्ड नं. 40 निवासी इफतेखार फातमा ने सीवरेज की सफाई, वार्ड नं. 35 की भावना महावर ने जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की शिकायत दी। कलेक्टर ने पीएमओ डॉ. प्रतीक सालोदिया को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सीवरेज सफाई को लेकर नगर परिषद आयुक्त को सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया। अतिक्रमण हटाने की गुहार जनसुनवाई में राजस्व विभाग के प्रकरणों को लेकर उनियारा के सैदरी ग्राम के रामनिवास गुर्जर ने नामान्तरण शुद्ध करवाने, टोंक के महमूदगंज से आए कन्हैया लाल सैनी ने रास्ते का अतिक्रमण हटवाने, मालपुरा के चांदसेन निवासी रामनारायण गुर्जर ने सीमाज्ञान कराने, टोंक निवासी केसरलाल सैनी ने पत्थर गढ़ी करवाने, ग्राम सिरोही से हेमराज गुर्जर ने खेल मैदान से अतिक्रमण हटवाने के प्रार्थना पत्र दिए।
बगड़ी ग्राम से आए कमल वैष्णव ने पेयजल टंकी के निर्माण, टोंक निवासी रामनिवास महावर ने 11 हजार केवी लाइन शिफ्ट करने की बात कही। किसानों को राहत देने के आदेश विभिन्न कारणों से खेतों में पानी भर जाने के एवं निकासी की समुचित व्यवस्था को लेकर भी किसानों ने परिवाद दर्ज कराएं। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को मौका देखकर किसानों को राहत देने के लिए निर्देश किया। जन सुनवाई में एडीएम रामरतन सोकरिया, सीईओ परशुराम धानका, एडीएम मालपुरा विनोद कुमार मीना, एडीएम बीसलपुर भूपेन्द्र यादव समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं ब्लॉक से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से मौजूद रहे। अतिक्रमण हटाया टोंक में नगर परिषद की अतिक्रमण शाखा ने आज जनसुनवाई में आई शिकायत पर कलेक्टर के निर्देश पर आज नेहरू पार्क के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास अतिक्रमण हटाया गया। आयुक्त धर्मपाल जाट के निर्देशन एवं राजस्व अधिकारी अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन लोहे की एंगल से किया गया निर्माण को हटाया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। नगर परिषद ने आगे भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *