पंजाब के कैबिनेट मिनिस्टर संजीव अरोड़ा के घर व व्यापारिक संस्थानों पर ED की रेड चल रही है। ED के अफसर 26 घंटे से संजीव अरोड़ा, उनके दो पार्टनरों व बेटे की फर्मों की जांच कर रही हैं। रेड लुधियाना, जालंधर, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में कुल 13 ठिकानों पर चल रही है। छापेमारी के दौरान मंत्री अरोड़ा के दिल्ली स्थित सरकारी आवास, उनके निजी आवास, कंपनी के दफ्तरों और करीबियों के घरों को भी खंगाला जा रहा है। जानकारी के अनुसार ईडी की यह कार्रवाई शेयर बाजार में इनसाइडर ट्रेडिंग और यूएई से भारत में संदिग्ध धन की राउंड-ट्रिपिंग से जुड़े मामले में की जा रही है। संजीव अरोड़ा के लुधियाना के गुरदेव नगर स्थित घर में केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमें तैनात हैं और ईडी के अफसर अंदर कार्रवाई कर रहे हैं। घर में न तो किसी को आने दिया जा रहा है और न ही वहां से किसी को बाहर जाने दिया जा रहा है। ईडी की टीमें शुक्रवार सुबह 7 बजे उनके घर पहुंच गई थी। 26 घंटे से लगातार जांच चल रही है। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि संजीव अरोड़ा पर अपने राजनीतिक प्रभाव के जरिए पंजाब में अवैध सट्टेबाजी (बैटिंग) संचालकों को संरक्षण देने का संदेह है, ताकि उनके मुनाफे में हिस्सा लिया जा सके। उन पर यह भी आरोप है कि वे अपनी कंपनियों और कई एंट्री ऑपरेटरों का इस्तेमाल कर सट्टेबाजों के बेहिसाब पैसे को वैध निवेश में बदल रहे हैं। वह मनी लॉन्ड्रिंग में सहायता कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार संजीव अरोड़ा की कंपनियां कई फर्जी निर्यात बिल बुक करने, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से फंड की राउंड-ट्रिपिंग करने और नॉन-एग्जिस्टेंट जीएसटी संस्थाओं से फर्जी खरीदारी दिखाने के मामले में भी जांच के दायरे में हैं। आम आदमी पार्टी बचाव में उतरी आम आदमी पार्टी के नेशनल कंवीनर अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान से लेकर पंजाब सरकार के तमाम कैबिनेट मिनिस्टर, एमएलए, एमपी सभी संजीव अरोड़ा के बचाव में उतर गए। केजरीवाल ने इसे भाजपा की हताशा बताया। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री बताएं कि आज तक आम आदमी पार्टी के नेताओं के घरों में जितनी रेड हुई हैं उनमें क्या निकला है। वहीं भगवंत मान का कहना है कि चुनाव से पहले भाजपा इसी तरह के हथकंडे अपनाती है।
Source link