शहर की संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाकों में आगजनी की घटनाओं पर काबू पाना अब और भी आसान होगा। नगर निगम कोटा अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। जल्द ही शहर की सड़कों पर अत्याधुनिक फायर फाइटिंग बाइक्स दौड़ती नजर आएंगी, जिससे छोटी गलियों में बड़ी दमकल गाड़ियों के पहुँचने से पहले ही आग पर प्रारंभिक नियंत्रण पाया जा सकेगा। अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह के चल रहे कार्यक्रमों के दौरान नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि निगम के अग्निशमन बेड़े को लगातार आधुनिक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा तंग गलियों में त्वरित कार्रवाई के लिए फायर फाइटिंग बाइक्स की खरीद की योजना है। इसके साथ ही, रात के समय राहत कामों में आसानी के लिए दो लाइटिंग टावर भी बेड़े में शामिल किए जाएंगे। डीएलबी से स्वीकृति का इंतजार
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि पूर्व में चार फायर बाइक्स का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति और आवश्यकता को देखते हुए अभी दो बाइक्स की खरीद को प्राथमिकता दी जा रही है। एक फायर बाइक की अनुमानित कीमत 15 से 17 लाख रुपए है। स्वायत्त शासन विभाग से स्वीकृति मिलते ही इनकी खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। कोटा के पास बड़ी इमारतों के लिए विदेशी हाइड्रोलिक लेडर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं तो हैं, लेकिन पुराने शहर की गलियों के लिए बाइक की कमी थी। यह नई पहल उस कमी को पूरा करेगी। क्यों पड़ी जरूरत?
कोटा के पुराने शहर के कई इलाके इतने संकरे हैं कि वहां आग लगने की स्थिति में बड़ी दमकल गाड़ियों को पहुँचने में काफी समय लगता है या वे वहां तक पहुँच ही नहीं पातीं। ऐसे में अक्सर आग विकराल रूप ले लेती है। सबसे ज्यादा दिक्कत पुराने शहर में है जहां पहले भी आग की कई घटनाएं हो चुकी लेकिन संकरी गलियों की वजह से दमकल की गाडियां मौके पर नहीं पहुंच सके, जैसे तैसे कर दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। फायर फाइटिंग बाइक्स में वाटर मिस्ट सिस्टम और अन्य जरूरी उपकरण होते हैं, जो तंग रास्तों से होकर घटनास्थल पर तत्काल पहुँच सकते हैं। शहर में गर्मी के मौसम में बढ़ती आगजनी की घटनाओं और संकरी गलियों की चुनौती को देखते हुए यह मांग लंबे समय से की जा रही थी।
Source link