खगड़िया के बेलदौर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। तेलिहार वार्ड संख्या-06 की 25 वर्षीय ममता कुमारी ने अपने पति संजीव कुमार और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। ममता कुमारी के अनुसार, उनकी शादी लगभग छह वर्ष पूर्व संजीव कुमार से हुई थी। शादी के बाद उन्हें चार बेटियां हुईं, लेकिन पुत्र न होने के कारण ससुराल पक्ष लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहा था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पति संजीव कुमार, ससुर सूर्यनारायण सिंह (डीलर) और सास प्रमिला देवी ने मिलकर उन्हें लाठी, डंडा और ईंट से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर मायके से दहेज की बकाया राशि लाने का दबाव बनाया और पैसे न लाने पर जान से मारने की धमकी दी। मारपीट इतनी भीषण थी कि ममता कुमारी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलदौर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ममता कुमारी ने बेलदौर थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और अपनी सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता ने यह भी बताया कि उनके साथ इस तरह की घटना पहले भी कई बार हो चुकी है। मामले को लेकर पंचायत भी बैठी थी, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट उनके चारों बच्चों के सामने की जाती है, जिससे बच्चे भी भयभीत हैं। बेलदौर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि उन्हें आवेदन प्राप्त हो गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
Source link