अलवर के कठूमर के सहाड़ी गांव में अवैध खनन के खिलाफ शनिवार को कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। बेखौफ आरोपियों ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि एक वन रक्षक के साथ मारपीट कर उनका मोबाइल फोन, पहचान पत्र और नकदी लूट कर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद वन विभाग ने धोलागढ़ थाने में शनिवार देर रात करीब 12 बजे नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) रवि सिंह भाटी ने बताया कि उन्हें सहाड़ी गांव के पास अवैध पत्थरों के परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी। एसीएफ अलवर के मार्गदर्शन में टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक श्याम गुर्जर ने उसे तेज ती को रफ्तार में भगा लिया। टीम ने पीछा कर ट्रैक्टर को दबोच लिया था। जब विभाग की टीम चालक को पकड़ने का प्रयास कर रही थी, तभी माफिया श्याम गुर्जर ने शोर मचाकर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में सतवीर गुर्जर व अन्य 4-5 साथी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और वन विभाग की टीम पर टूट पड़े। वन रक्षक रामवीर सिंह घटनाक्रम का वीडियो बना रहा था। उससे जबर्दस्ती पथराव कर मोबाइल छीन ले गए। रेंजर ने बताया कि यहां अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का एक बड़ा गिरोह है, जो क्षेत्र में संवेदनशील इलाकों में अवैध खनन का कार्य करता है। आसपास एक दूसरे को सूचना देते रहते हैं। पकड़े जाने पर ट्रैक्टर ट्राली को जब तक तेज गति से भगाते रहते हैं, जब तक गिरोह के साथी सहायता करने नहीं आ जाते हैं और आने पर चारों ओर से वन विभाग की टीम को घेर लेते हैं। रेंजर ने बताया कि सहाड़ी गांव अति संवेदनशील है। आरोपी श्याम और सतवीर गुर्जर के साथ पहले भी मुठभेड़ हो चुकी है। इस बार उन्होंने राजकार्य में बाधा डालते हुए लूटपाट की है। पुलिस में मामला दर्ज करा दिया गया है।
गिरोह बनाकर करते हैं अवैध खनन इन लोगों के पास अवैध हथियार भी होते हैं। इन लोगों के ऊपर कहीं ना कहीं राजनीतिक संरक्षण होने के चलते ये बेखौफ होकर ऐसी घटना को अंजाम देते रहते हैं। वन विभाग के पास मुकाबला करने के लिए हथियार नहीं है। फायदा माफिया उठा रहे हैं। आरोपियों ने वन रक्षक रामवीर सिंह के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की। इस दौरान आरोपी वन रक्षक का मोबाइल, सरकारी आई-कार्ड और जेब में रखे 520 रुपए छीनकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए धोलागढ़ थाना पुलिस ने राजस्थान वन अधिनियम और सरकारी कर्मचारी पर हमला व लूटपाट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर है। आरोपियों की तलाश में कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई है।
Source link