गुरदासपुर में पुलिसकर्मी के पिटबुल ने पिता-पुत्र को नोचा:बाजार में शॉपिंग करने आया था परिवार, बच्चे को 6 जगह आए गहरे जख्म, झाड़ू-डंडों की मदद से लोगों ने बमुश्किल छुड़ाई जान




गुरदासपुर में पुलिस कर्मचारी के पालतू पिटबुल ने भरे बाजार गांव से शॉपिंग करने आए पास्टर और उसके मासूम बेटे को बुरी तरह काटकर घायल कर दिया। कुत्ता इतना आक्रामक था कि उसने बच्चे की कमर के नीचे के हिस्से को बुरी तरह नोच डाला।
पिता ने बच्चे को बचाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन पिटबुल ने बच्चे की टांगों, जांघ और कूल्हे पर गहरे जख्म कर दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद झाड़ू और डंडों से मारकर कुत्ते को पीछे हटाया और बच्चे की जान बचाई। फिल्हाल बच्चे को गुरदासपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गांव से शॉपिंग करने शहर आया था परिवार
नजदीकी गांव साधुचक्क निवासी पास्टर सोहन मसीह अपने परिवार के साथ गुरदासपुर के बहरामपुर रोड पर खरीदारी करने आए थे। कॉसमेटिक की दुकान पर सोहन मसीह की पत्नी दुकान के अंदर चली गई। जबकि, पास्टर और उसका 10 साल का बेटा रोहन दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक पिटबुल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। पहले पास्टर और फिर बेटे पर किया हमला
सोहन मसीह ने बताया कि वे दोनों दुकान के बाहर खड़े थे कि गली के अंदर से कुत्ता बाहर निकला। जिसने बाहर निकलते ही उनके गांव के ही एक युवक पर हमला कर दिया। वो युवक किसी तरह बच गया। लेकिन, कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बचने का प्रयास करते हुए कुत्ते को खुद से दूर किया तो उसने उनके बेटे पर हमला कर दिया।
10 साल के बच्चे को बुरी तरह नोचा
सोहन मसीह ने बताया कि कुत्ते ने उन्हें छोड़ उनके बेटे को पकड़ लिया। पिटबुल ने बच्चे को इस कदर नोचना शुरू किया कि उनके बार-बार छुड़वाने के बावजूद कुत्ता छोड़ नहीं रहा था। जिसके बाद स्थानीय लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों ने भी उनके बेटे को छुड़वाने का प्रयास किया। झाड़ू-डंडों से लोगों ने बचाई बच्चे की जान
पास्टर सोहन मसीह ने बताया कि कुत्ता बहुत अक्रामक तरीके से बच्चे को काटता जा रहा था। जिससे उसके शरीर पर घाव हो गए थे। उसके बावजूद पिटबुल उसे छोड़ने का नाम नहीं ले रहा था। जिसके बाद स्थानीय दुकानकारों और राहगीरों ने कुत्ते को डंडे और झाड़ू से मारा। तब कहीं जाकर उसने बच्चे को छोड़ा। लेकिन, तब तक उनका बेटा बुरी तरह घायल हो चुका था। सिविल अस्पताल में भर्ती 10 साल का रोहन
पिटबुल के हमले में घायल रोहन को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डाक्टर राहुल सहोता ने बताया कि बच्चे का ईलाज शुरू कर दिया गया है। पिटबुल ने उसे बुरी तरह घायल किया है। लेकिन, हालत खतरे से बाहर है।
लेकिन,उसके शरीर के निचले हिस्से में कई गहरे जख्म हैं। अस्पताल प्रबंधन द्वारा बच्चे का उचित इलाज किया जा रहा है। कुत्ते के मालिक पर हो कार्रवाई
बच्चे के पिता पास्टर सोहन मसीह ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि रिहायशी इलाकों में पिटबुल जैसे खतरनाक कुत्तों को पालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज उनका बच्चा शिकार बना है, कल कोई और भी बड़ा हादसा हो सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *