अशोकनगर जिले में गेहूं की बंपर आवक और किसानों को उपज बेचने में आ रही परेशानी को देखते हुए कलेक्टर ने शनिवार को भी कृषि उपज मंडी खोलने के आदेश दिए हैं। फसल बेचने के लिए किसानों को 2-3 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा था। वर्तमान में कलेक्टर ने कृषि उपज मंडी समिति के सचिव को शनिवार को भी उपज की नीलामी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि तेज गर्मी में किसानों को राहत मिल सके और भीड़ नियंत्रित कर कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके। 2-3 दिन तक करना पड़ रहा था इंतजार कलेक्टर के आदेश में बताया गया है कि वर्तमान में मंडियों में गेहूं की भारी आवक के चलते किसानों को अपनी उपज की नीलामी के लिए 2-3 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे उन्हें तेज गर्मी में फसल की सुरक्षा और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, जिससे कभी-कभी कानून व्यवस्था की स्थिति भी उत्पन्न हो रही थी। इसे देखते हुए मंडी समिति सचिव को शनिवार को भी उपज की नीलामी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने 2 दिन किया था दौरा, समय पर भुगतान का दिया भरोसा जिले में बीते कुछ दिनों से मंडी में उपज की आवक लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए कलेक्टर ने स्वयं लगातार 2 दिन मंडियों का दौरा कर हालात का जायजा लिया था। उन्होंने किसानों से चर्चा कर शनिवार को भी नीलामी होने का भरोसा दिलाया था। इसके साथ ही कलेक्टर ने किसानों को उनकी फसल का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए लीड बैंक मैनेजर से भी चर्चा करने की बात कही है।
Source link