संभल में तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो बच्चों और दो महिलाओं सहित कुल 11 लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंदी में पलट गए। यह सड़क हादसा जनपद संभल की तहसील चंदौसी के थाना बनियाठेर से मुरादाबाद की ओर कुछ दूरी पर हुआ। बाइक पर पति-पत्नी के साथ दो बच्चे सवार थे, जबकि इनोवा में सात लोग यात्रा कर रहे थे। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी में भर्ती कराया गया। घायलों में इनोवा सवार सौरभ अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, रेशमा गोयल, संजीव गोयल और चालक शामिल हैं। बाइक पर सवार दंपति और उनके दोनों बच्चे भी घायल हुए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चार लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है। कार सवार सभी लोग चंदौसी से जनपद मुरादाबाद के कस्बा बिलारी जा रहे थे, जबकि बाइक सवार दंपति बिलारी की ओर से चंदौसी आ रहे थे। हादसे के बाद मौके पर क्रेन बुलाई गई। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद पलटी हुई गाड़ी को खंदी से बाहर निकाला जा सका। सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इनोवा और बाइक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि यह सड़क हादसा थाने से थोड़ी दूरी पर हुआ था। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां से कुछ घायलों को रेफर किया गया और अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
Source link