[ad_1]
उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोरारी खुर्द में पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। छोटे भाई समरवीर सिंह ने अपने बड़े भाई ब्रजपाल सिंह उर्फ बबलू सिंह पर संपत्ति का हिस्सा न देने और घर बनाने में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। समरवीर सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता स्वर्गीय लल्ला सिंह की संपत्ति का आपसी सहमति से बंटवारा हो चुका है। इस बंटवारे में उन्हें एक-तिहाई हिस्सा मिला था, जिसे गांव के सम्मानित लोगों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में तीन बार तय किया गया था। आरोप है कि बंटवारे के बावजूद बड़े भाई ब्रजपाल सिंह और उनके परिवार द्वारा उन्हें न तो रहने की जगह दी जा रही है और न ही अपने हिस्से में घर बनाने दिया जा रहा है। समरवीर का कहना है कि जब भी वह निर्माण कार्य शुरू करते हैं, तो ब्रजपाल सिंह, उनकी पत्नी और अन्य परिजन मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज करते हैं और काम रुकवा देते हैं। समरवीर ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार डायल 112 पुलिस को बुलाकर भी उनके निर्माण कार्य को रुकवाया गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर भी कार्य में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है। प्रार्थी का कहना है कि विरोधी पक्ष उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने और नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दे रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं। इस संबंध में समरवीर सिंह पहले भी क्षेत्राधिकारी बीघापुर और थाना अचलगंज में कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनके हिस्से में घर निर्माण कार्य को बिना किसी बाधा के पूरा कराने की अनुमति दी जाए और विरोधी पक्ष द्वारा की जा रही उत्पीड़नात्मक कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
[ad_2]
Source link