शेखपुरा-बरबीघा मुख्य सड़क मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। रतोईया नदी छठ घाट के पास एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे स्थित मंदिर की दीवार से टकरा गई। इस दुर्घटना में लगभग 23 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद, शिक्षक संजीव कुमार ने घायल युवक को सड़क से उठाकर ई-रिक्शा से सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों द्वारा इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बाजिदपुर गांव निवासी मोहम्मद माजोसा उर्फ अब्दुल मजीद के पुत्र मोहम्मद मिजान के रूप में हुई है। मोहम्मद मिजान के बड़े भाई मोहम्मद राजा ने बताया कि मिजान घर से बाजार सामान खरीदने जा रहा था। रतोईया नदी पुल के तीखे मोड़ पर यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाना के एएसआई लाल बाबू महतो और नगर थाना की गश्ती दल पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। मृतक के परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव अपने घर ले गए, जहां उसे कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। ट्रैफिक थाना अध्यक्ष सदाशिव साहा ने बताया कि घटना के संबंध में लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link