जगराओं में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की है। वीरवार को ट्रैफिक पुलिस ने नगर कौंसिल के साथ मिलकर बाजारों में अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया और दुकानदारों का सामान जब्त किया गया। सड़क के बीच वाहन खड़े करने वाले दर्जन भर लोगों के चालान भी काटे गए। ट्रैफिक पुलिस के डीएसपी कुलवंत सिंह और ट्रैफिक इंचार्ज कुमार सिंह ने बताया कि शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस समस्या के समाधान के लिए पुलिस ने दुकानदारों के साथ चार बार बैठकें की थीं। इन बैठकों में दुकानदारों को अपना सामान दुकानों के अंदर रखने की सख्त हिदायत दी गई थी। जाम से राहगीर होते हैं परेशान हालांकि, इन चेतावनी का दुकानदारों पर कोई खास असर नहीं हुआ। बैठकों के बाद एक-दो दिन तक तो नियमों का पालन किया गया, लेकिन उसके बाद फिर से सड़क पर 3 से 5 फुट तक सामान रखकर कब्जा कर लिया जाता था। इसके अतिरिक्त, खरीदारी करने आए लोग भी अपने वाहन सड़क के बीच में खड़े कर देते थे, जिससे शहर के मुख्य बाजारों में रोजाना भारी जाम लगने लगा था। चेतावनी के बाद भी नहीं करते नियमों का पालन पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुक्कड़ चौक से लेकर झांसी चौक तक और कमल चौक से नेहरू मार्केट तक अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लगता था। कई बार समझाने और चेतावनी देने के बावजूद जब दुकानदारों ने नियमों का पालन नहीं किया, तो पुलिस ने सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया। इसी क्रम में, वीरवार को पुलिस और नगर कौंसिल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया और दुकानदारों का सामान जब्त किया गया। साथ ही, सड़क के बीच वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले दर्जन भर लोगों के चालान भी काटे गए।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाया जाएगा: डीएसपी कुलवंत सिंह डीएसपी कुलवंत सिंह ने दो टूक शब्दों में साफ चेतावनी दी कि अगर अब भी दुकानदार नहीं सुधरे तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग जानबूझकर सड़क घेर कर ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा करेंगे, उनके खिलाफ मामला दर्ज करने से भी पुलिस पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त करवाने के लिए पुलिस हर जरूरी कदम उठाएगी और किसी को भी सड़कों पर अवैध कब्जा या मनमानी करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।उन्होंने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
Source link