डीडवाना-कुचामन पुलिस का विशेष अभियान, 102 अपराधी गिरफ्तार:दो दिन में 363 ठिकानों पर दबिश, 24 नए केस दर्ज




डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए दो दिवसीय विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने जिलेभर में सघन दबिश देते हुए कुल 102 अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के लिए जिले के सभी थानों से 62 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में 234 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे, जिन्होंने 363 स्थानों पर दबिश दी। गिरफ्तार किए गए 102 अपराधियों में जघन्य अपराधों में वांछित 5 आरोपी, धारा 299 सीआरपीसी/335 बीएनएसएस के तहत 1 आरोपी, सामान्य प्रकरणों में वांछित 7 आरोपी और धारा 170 बीएनएसएस के तहत 45 व्यक्ति शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने 20 स्थाई वारंट और 24 गिरफ्तारी वारंटों का भी निस्तारण किया। अभियान के दौरान स्थानीय और विशेष अधिनियमों के तहत कुल 24 नए प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें आबकारी अधिनियम के 17, आर्म्स एक्ट का 1 (गच्छीपुरा), जुआ अधिनियम के 2 (जसवंतगढ़, चितावा) और अन्य अधिनियमों के 4 प्रकरण शामिल हैं। आबकारी अधिनियम के तहत मकराना, पीलवा, गच्छीपुरा, परबतसर, बडू, खुनखुना, बरड़वा, लाडनूं, मारोठ और चितावा क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। वहीं, ध्वनि प्रदूषण अधिनियम के तहत डीडवाना, जसवंतगढ़, चितावा और मारोठ में भी प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखते हुए अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। इस व्यापक अभियान से जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों में भय का माहौल बनाने में पुलिस को सफलता मिली है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *