थांवला में तस्करी के आरोपी का मकान सीज:तस्करी की कमाई से पत्नी के नाम बनवा रहा था मकान, पुलिस ने किया फ्रीज, 36 लाख कीमत




थांवला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर द्वारा अवैध कमाई से बनाए जा रहे आलीशान मकान को फ्रिज कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन संकल्प – नशामुक्त नागौर’ अभियान के तहत यह कदम उठाया गया है। पुलिस ने आरोपी भींवराज जांगिड द्वारा थांवला कस्बे की पारस सिटी में नशा बेचकर अर्जित की गई आय से बनाए जा रहे निर्माणाधीन मकान को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रिज किया है। इस मकान की बाजार कीमत लगभग 36 लाख रुपये आंकी गई है।
​ आरोपी भींवराज के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल तीन मामले दर्ज हैं, जिसमें वर्ष 2022 में उसके कब्जे से 60 किलो 640 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी संपत्तियों की जांच की, जिसमें सामने आया कि वह अपनी पहचान छिपाकर तस्करी के पैसों से यह आलीशान मकान बनवा रहा था। थानाधिकारी द्वारा संपत्ति फ्रिज करने के आदेश को दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी ने पूरी जांच और सुनवाई के बाद सही मानते हुए कंफर्म कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी और वृताधिकारी जयप्रकाश बेनिवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी अशोक झाझडिया और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि समाज को नशा बेचकर खोखला करने वाले अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *