पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रेड की है। आज सुबह लुधियाना में उनके घर में ईडी की टीम पहुंची और बाहर केंद्रीय पुलिस बल को तैनात किया गया है। मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास और अन्य ठिकानों पर भी दबिश दी। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक पुराने मामले और जमीन सौदों में कथित अनियमितताओं को लेकर की जा रही है। इससे पहले 7 अक्टूबर 2024 को भी संजीव अरोड़ा के संस्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन धोखाधड़ी केस में छापेमारी की थी। रेड उनके लुधियाना स्थित घर और ऑफिस समेत कई ठिकानों पर पड़ी। साथ ही गुरुग्राम, जालंधर और दिल्ली में भी उनसे जुड़े परिसरों पर कार्रवाई हुई थी। आरोप था कि औद्योगिक उपयोग के लिए मिली जमीन को कथित तौर पर रिहायशी प्रोजेक्ट में इस्तेमाल किया गया। उस समय संजीव अरोड़ा राज्यसभा सांसद थे। AAP के राज्यसभा सांसद पर भी रेड हो चुकी दो दिन पहले ही आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के चांसलर अशोक मित्तल के 10 ठिकानों पर ईडी ने रेड की थी। ईडी की टीमों ने बुधवार सुबह 7:30 बजे जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम स्थित घर, लवली स्वीट्स, लवली ऑटोज और एलपीयू परिसर में एक साथ दबिश दी थी। एलपीयू कैंपस में भी ईडी ने रेड की थी सूत्रों के मुताबिक वीरवार सुबह करीब 8:15 बजे जांच टीमें ठिकानों से बाहर निकलीं थी। रेड के दौरान जैसे ही अधिकारी एलपीयू कैंपस में पहुंचे, कर्मचारियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए गए और टीम सीधे एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक पहुंची। यहां कंप्यूटर सिस्टम, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई थी। बताया जा रहा है कि ईडी ने अशोक मित्तल और उनके बेटे से जुड़े वित्तीय लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की। कई अहम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए गए हैं, जबकि कर्मचारियों को जरूरी फाइलें और रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं के एंगल से की जा रही है। हालांकि ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है….
Source link