सलूंबर जिला रिजर्व पुलिस लाइन में गुरुवार को 77वां राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस के अनुशासन के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से खाकी का मानवीय और कलात्मक पक्ष भी सामने आया। देशभक्ति के गीतों और लोक नृत्यों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह की शुरुआत सलूम्बर शहर के विभिन्न स्कूलों की छात्राओं और पुलिस परिवार के नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों से हुई। छोटे बच्चों ने हाथ में तिरंगा लेकर ‘ऐ वतन तेरे लिए’ और ‘मां तुझे सलाम’ जैसे देशभक्ति गीतों पर नृत्य किया, जिससे पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जवानों ने भी अपनी सुरीली आवाज में राष्ट्रभक्ति के गीत गाकर वातावरण को देशप्रेम से भर दिया। इस अवसर पर जिला एसपी विशनाराम विश्नोई ने पुलिस बल को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की सेवा और सुरक्षा का आधार स्तंभ है। उन्होंने जवानों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का एक भावुक क्षण वह था जब विभाग को अपना जीवन समर्पित करने वाले सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया। एसपी विश्नोई ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके योगदान को याद किया। इसके साथ ही, स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित वॉलीबॉल और अन्य खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं व उपविजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, एएसपी रतन चावला, वृताधिकारी हेरम्भ जोशी (सलूम्बर), वृताधिकारी चांदमल सिंगारिया (सराड़ा), आरपीएस प्रो. सेजल शेखावत, संचित निरीक्षक पवन सिंह, थानाधिकारी हेमंत चौहान (सलूम्बर) और थानाधिकारी झल्लारा सहित जिले के सभी थानों के थानाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस जवान अपने परिजनों के साथ मौजूद रहे।
Source link