रानी रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात पार्किंग शुल्क को लेकर हुए विवाद ने गुरुवार को बड़ा रूप ले लिया। कथित मारपीट की घटना के विरोध में विभिन्न समाजों के लोग स्टेशन के बाहर एकत्रित हुए और धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मामले में बताया गया कि नाडोल से अपने परिजनों को छोड़ने आए भरत सिरवी के साथ पार्किंग कर्मचारियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान उनके साथ मौजूद महिला और बच्चा भी काफी डर गए, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व सुरेश चौधरी ने किया। इस दौरान दिनेश सिरवी, भाजपा रानी शहर मंडल अध्यक्ष हरीश गेहलोत, पूर्व पालिका अध्यक्ष घीसूलाल चौधरी, पूर्व प्रधान नवरत्न चौधरी, गौ रक्षा कमांडो फोर्स के शैतान सिंह राजपुरोहित और पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश जैन सहित कई लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की। स्टेशन पर पुलिस चौकी और सीसीटीवी लगाने की मांग प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि रानी रेलवे स्टेशन पर स्थायी पुलिस चौकी स्थापित की जाए। साथ ही दोनों गेट पर रेलवे नियमावली प्रदर्शित करने, पार्किंग क्षेत्र में अवैध वसूली पर रोक लगाने और देर रात शराब सेवन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की गई। रेल मंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन धरने के दौरान एक प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन अधीक्षक विजय सिंह शेखावत, आरपीएफ एएसआई सांवरमल और जीआरपी हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पार्किंग ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने, स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। पुलिस के अनुसार, मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। घायल भरत सिरवी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया है।
Source link