फतेहगढ़ साहिब जिले में एक विवाहिता की मौत का मामला गरमा गया है। मंगलवार को मृतका के परिजनों ने फतेहगढ़ साहिब स्थित एसएसपी कार्यालय के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान परिवार ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि अब तक की पुलिस कार्रवाई से वे संतुष्ट नहीं हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। DSP बोले- विशेष जांच टीम गठित इस बीच, डीएसपी फतेहगढ़ साहिब कुलबीर सिंह ने बताया कि एसएसपी शुभम अग्रवाल के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। इस टीम में एसपी, डीएसपी और सीआईए इंचार्ज को शामिल किया गया है, जो मामले की जांच करेगी। यह मामला 2 अप्रैल का है, जब अमलोह क्षेत्र के गांव भद्दलथूहा में रुपिंदर कौर नामक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतका के मायके वालों को फोन पर बताया गया था कि उसे अचानक दिल का दौरा पड़ा है। हालांकि, जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्हें रुपिंदर कौर की मौत के हालात संदिग्ध लगे। परिजनों का आरोप है कि रुपिंदर कौर ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। इस मामले में अमलोह पुलिस ने पहले चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज कर मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम के बाद घर में रखा है शव
मृतका के परिजन 2 अप्रैल से ही इंसाफ की मांग पर अड़े हैं। 4 अप्रैल को गांववासियों ने अमलोह थाने के बाहर रोष प्रदर्शन किया था। उस समय पुलिस ने 48 घंटों के भीतर फरार आरोपियों को पकड़ने का दावा किया था जिसके बाद डाक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया था और शव परिजनों के हवाले कर दिया था। उसी दिन से शव गांव मदनीपुर में परिजनों ने घर में रखा था। 48 घंटे बीतने के बाद भी आरोपी नहीं पकड़े गए तो आज परिजन एसएसपी दफ्तर के बाहर फ्रिज में शव लेकर पहुंचे और रोष प्रदर्शन किया। फिलहाल अंतिम संस्कार नहीं किया गया है।
Source link