फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में बुधवार को कैदियों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बैरक नंबर 7 और 9 में बंद एक दर्जन से अधिक कैदी आपसी रंजिश के चलते आपस में भिड़ गए। जानकारी के अनुसार, मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। कैदियों ने जेल परिसर से ईंटें और लोहे की पाइप उखाड़कर एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना के दौरान जेल स्टाफ ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक चार कैदी गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। घायलों में दो कैदियों के सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जेल कर्मचारियों के अनुसार, मौजूदा हालात में कैदियों को नियंत्रित करना बेहद मुश्किल हो गया है। जेल की क्षमता 2000 कैदियों की है, जबकि वर्तमान में यहां 2700 से अधिक कैदी बंद हैं। वहीं, 173 वार्डनों की जरूरत के मुकाबले केवल 120 वार्डन ही तैनात हैं। इसके अलावा, कई कैदी नशे के आदी हैं और उपचार के दौरान दवाइयों के प्रभाव में रहते हैं, जिससे हालात और जटिल हो जाते हैं। पुलिस को कार्रवाई के लिए शिकायत भेज दी है-जेल अधीक्षक इस मामले की पुष्टि करते हुए जेल अधीक्षक इकबाल सिंह धालीवाल ने बताया कि जेल में 2 गुटों के बीच भिड़त हुई है और घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। साथ ही फरीदकोट पुलिस को शिकायत भेज दी गई है, ताकि झड़प में शामिल कैदियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Source link