बठिंडा के तलवंडी साबो स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब गुरुद्वारा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद सतनाम सिंह संधू, वरिष्ठ नेता एचएस फुल्का और पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़िया ने मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने बेअदबी कानून को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। सांसद सतनाम सिंह संधू ने बेअदबी पर लाए गए कानून पर बात करते हुए कहा कि किसी भी धर्म के गुरु महाराज की बेअदबी के खिलाफ यदि कोई कानून बनता है, तो भारतीय जनता पार्टी ने उसमें सहयोग किया है और विधानसभा में भी समर्थन दिया है। हालांकि, उन्होंने कुछ सवाल भी उठाए। संधू ने पूछा कि इस कानून को लाने में इतना समय क्यों लगा और क्या अब स्थिति बदल जाएगी तथा बेअदबी की घटनाएं रुक जाएंगी? उन्होंने यह भी कहा कि कानून उन लोगों के लिए बनाया जाता है जो ऐसे कृत्य करते हैं, लेकिन यदि कानून बनने के बाद भी बेअदबी होती है और सजा दी जाती है, तो इस दिशा में और अधिक प्रयासों की आवश्यकता है। भाजपा नेता फुल्का बोले- बढ़ाई जानी चाहिए थी सजा BJP नेता एचएस फुल्का ने कहा कि सभी पार्टियों ने इस कानून का समर्थन किया था और सजा बढ़ाई जानी चाहिए थी, लेकिन जिस तरीके से इसे लागू किया गया, वह सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया और रात 11 बजे इसे बेहद गुपचुप तरीके से लागू किया, जिसकी किसी को जानकारी नहीं हुई। जनता को दिखाया 2025 का कानून फुल्का ने बताया कि जनता को रात 11 बजे 2025 का कानून दिखाया गया, जबकि यह 2008 के कानून में किया गया एक संशोधन था। उन्होंने इस तरीके को गलत बताया। पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़िया ने कहा कि सरकार यह कानून लेकर आई है, जो उनका कर्तव्य था। उन्होंने जोर दिया कि यह मामला काफी लंबे समय से चल रहा था और इस कानून की बहुत ज़रूरत थी, क्योंकि कई लोग बेअदबी करते थे और इसे नासमझी कहते थे।
Source link