पंजाब के बरनाला जिले में गर्मी की शुरुआत के साथ ही खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बता दे कि हंडियाया गांव के पास फतेहगढ़ छन्ना रोड पर स्थित एक खेत में अचानक आग लगने से किसान मलकीत सिंह की लगभग 3 एकड़ गेहूं की तैयार खड़ी फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान मलकीत सिंह कोठे सरा के रहने वाले है। घटना की सूचना मिलते ही हंडियाया चौक में तैनात बरनाला फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को चपेट में आने से बचा लिया गया। वहीं पुलिस चौकी हंडियाया के इंचार्ज तरसेम सिंह भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बिजली की तारों से सावधानी बरतने की सलाह पुलिस चौकी इंचार्ज तरसेम सिंह ने किसानों को बिजली की तारों से सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेत के ऊपर से गुजरने वाली ढीली बिजली की तारों की सूचना तुरंत बिजली बोर्ड को दें। स्पार्किंग से बचने के लिए ट्रांसफार्मर के आसपास की जगह को पहले ही साफ कर लेना चाहिए। धूम्रपान और चिंगारी पर भी रोक लगाने की अपील तरसेम सिंह ने धूम्रपान और चिंगारी पर भी रोक लगाने की बात कही। उन्होंने किसानों से खेत के आसपास बीड़ी-सिगरेट न पीने और कटाई के समय ट्रैक्टर या कंबाइन के साइलेंसर से निकलने वाली चिंगारी पर पैनी नजर रखने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि फसल की कटाई के दौरान खेत में पानी का एक टैंकर या मिट्टी से भरी ट्रालियां तैयार रखी जाएं, ताकि आग लगने की स्थिति में तुरंत काबू पाया जा सके। पीड़ित किसान ने मुआवजे की मांग की पीड़ित किसान मलकीत सिंह ने सरकार से मुआवजे की गुहार लगाई है। इस दौरान फायर ब्रिगेड से मुकद्दर सिंह, किसान मनप्रीत सिंह, गुरु चरण सिंह, भोला सिंह, सुरजीत सिंह, अमनदीप सिंह, बूटा सिंह सहित कई अन्य ग्रामीण और किसान मौके पर मौजूद थे।
Source link