बिछीवाड़ा पुलिस ने पकड़ी शराब से भरी ब्रेजा कार:'ऑपरेशन स्वच्छता' के तहत 2.5 लाख की शराब जब्त, तस्कर फरार




डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक सफेद ब्रेजा कार से करीब 2.50 लाख रुपए की राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर के 39 कार्टन जब्त किए हैं। हालांकि, शराब तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा। थानाधिकारी कैलाशचन्द्र सोनी ने बताया कि पुलिस टीम धामोद और मालमाथा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुजरात नंबर की एक ब्रेजा कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने धामोद रेलवे ब्रिज के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी देखकर कार ड्राइवर करीब 80-90 मीटर पहले ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। चालक घने जंगल और खेतों का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसकी पिछली सीट और डिक्की में भारी मात्रा में शराब भरी हुई मिली। कार से विभिन्न ब्रांड के कुल 39 शराब के कार्टन बरामद किए गए, जिन पर ‘फॉर सेल इन राजस्थान ओनली’ अंकित था। पुलिस ने जब्त शराब और तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार को अपने कब्जे में ले लिया है। अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार तस्कर की तलाश में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *