मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में दो मासूम बच्चों सहित एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार, पूरालाल (48) पिता कचरूलाल अपने पोते दिलीप (5) पिता विष्णु भील के साथ प्रेमबाई (42) पति विष्णु और उनके पोते दिलखुश (8) पिता दिनेश भील को बर्डियापूना गांव से शामगढ़ के पास स्थित मेलखेड़ा बस स्टैंड छोड़ने जा रहे थे। प्रेमबाई और दिलखुश भानपुरा के निवासी हैं और वे बर्डियापूना गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम सभी लोग घर से निकले ही थे कि करीब 1 किलोमीटर दूर उनकी मोटरसाइकिल को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रेमबाई की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में शामिल हुंडई वेन्यू कार (क्रमांक एमपी 44 जेडई 6999) को शामगढ़ पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने कार चालक को भी हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। घायल मासूम दिलीप के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दिलखुश के सिर, पैर और पीठ पर चोटें लगी हैं। वहीं, पूरालाल के पूरे शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को शामगढ़ अस्पताल से जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
Source link