मथुरा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव विशंभरा के 26 फरार साइबर ठगों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने जिले में साइबर अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत यह कदम उठाया है। जानकारी के अनुसार, मथुरा जिले के गोवर्धन, बरसाना, छाता और शेरगढ़ थाना क्षेत्रों के लगभग एक दर्जन गांव लंबे समय से साइबर ठगी के लिए जाने जाते हैं। इन गांवों में बड़ी संख्या में युवा इस तरह की ठगी में लिप्त बताए जाते हैं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर “टटलू” कहा जाता है। पुलिस प्रशासन इन क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रख रहा है। इससे पहले, 22 फरवरी को पुलिस ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई की थी। शेरगढ़ के गांव जंघावली और विशंभरा में एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें चार सीओ, एक एएसपी, 13 थाना प्रभारी और लगभग 240 पुलिसकर्मी शामिल थे। इस अभियान के दौरान जंघावली से 11 और विशंभरा से 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, 46 आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे थे पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से कई आरोपी गांव छोड़कर फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर साइबर ठगी के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि ये आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ ठगी के अलावा अन्य गंभीर मामलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में साइबर अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source link