सीवान के दरौंदा स्थित महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में 18 अप्रैल 2026, शनिवार को एक भव्य कैंपस प्लेसमेंट मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले को लेकर संस्थान में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। संस्थान की प्राचार्य आँचल सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंपस ड्राइव युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहां देश की प्रतिष्ठित कंपनियां सीधे चयन प्रक्रिया के माध्यम से अभ्यर्थियों को रोजगार प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य अधिक से अधिक छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना है और इस तरह के आयोजन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। सोलर पैनल प्लांट के लिए पुरुष अभ्यर्थियों का चयन करेगी इस प्लेसमेंट मेले में दो प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। पहली कंपनी स्पेरी एनर्जी डायनेमिक प्राइवेट लिमिटेड (ग्रेटर नोएडा) है, जो सोलर पैनल प्लांट के लिए पुरुष अभ्यर्थियों का चयन करेगी। इसमें इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं अन्य तकनीकी ट्रेड्स के आईटीआई और डिप्लोमा पास छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को ₹13,500 इन-हैंड वेतन के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। दूसरी कंपनी टाकाहाटा प्रिसीजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (राजस्थान) विशेष रूप से महिला अभ्यर्थियों के लिए अवसर लेकर आ रही है। इसमें सभी ट्रेड्स की आईटीआई और डिप्लोमा पास छात्राएं भाग ले सकती हैं। कंपनी द्वारा आईटीआई पास छात्राओं के लिए ₹14,000 और डिप्लोमा पास के लिए ₹16,500 मासिक वेतन निर्धारित किया गया है। क्षेत्र में कौशल विकास और औद्योगिक विकास को भी नई दिशा देगा आयोजन प्लेसमेंट इंचार्ज अशोक कुमार ने सभी योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 18 अप्रैल को सुबह 10 बजे अपने बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट साइज फोटो के साथ महिला आईटीआई, दरौंधा कैंपस में समय पर पहुंचें। इसके साथ ही उन्होंने जिले के सभी निजी एवं सरकारी आईटीआई संस्थानों के प्राचार्यों और अनुदेशकों से भी आग्रह किया है कि वे अपने छात्रों को इस प्लेसमेंट मेले में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार का लाभ मिल सके। यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए रोजगार का मार्ग प्रशस्त करेगा, बल्कि क्षेत्र में कौशल विकास और औद्योगिक विकास को भी नई दिशा देगा।
Source link