मुंगेर विश्वविद्यालय के यूजी सेमेस्टर-1 के हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को अनुपस्थित दिखाए जाने पर छात्रों में भारी आक्रोश है। इस त्रुटि के विरोध में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की लखीसराय इकाई के नेतृत्व में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। हजारों विद्यार्थियों को अनुपस्थित घोषित किया छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में शामिल होने के बावजूद हजारों विद्यार्थियों को अनुपस्थित घोषित किया गया है। इसे विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही और अव्यवस्थित कार्यशैली का परिणाम बताया जा रहा है। विद्यार्थियों का कहना है कि इस गलती से उनके भविष्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित छात्रों ने कुलपति का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। प्रशासन विद्यार्थियों के परिणामों में सुधार करे एबीवीपी के जिला संयोजक मनीष यदुवंशी ने मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन तत्काल सभी प्रभावित विद्यार्थियों के परिणामों में सुधार करे। उन्होंने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी बात कही। छात्र-छात्राओं ने कहा,भविष्य से खिलवाड़ नहीं छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में कहा कि उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से पारदर्शी और जिम्मेदार कार्यशैली अपनाने की मांग की। यदुवंशी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में सपना कुमारी, जुली कुमारी, आरती, रोनित, प्रयांशु, अभिषेक, अजीत जोगी, पायल सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Source link