मुरादाबाद में बच्चे पर हमला करने तेंदुए का हुआ चेकअप:जांच में स्वस्थ पाया गया, 17 अप्रैल को अटैक किया था




मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र में पिछले चार दिनों से दहशत फैला रही एक मादा तेंदुआ रविवार तड़के वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में फंस गई। इस तेंदुए ने कुछ दिन पहले एक पांच वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे घायल कर दिया था, जिससे इलाके में भय का माहौल था। यह घटना कांठ थाना क्षेत्र के फजलाबाद गांव में चार दिन पहले हुई थी, जब तेंदुए ने पांच वर्षीय लव्यांश पर हमला कर दिया था। इसके बाद, ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग ने महदूद कलमी, मिश्रीपुर, दरियापुर और सलेमपुर-फजलाबाद जैसे संवेदनशील गांवों में लोहे के मजबूत पिंजरे लगाए थे। रविवार तड़के सलेमपुर-फजलाबाद के जंगल में खेत पर लगाए गए एक पिंजरे में नौ वर्षीय मादा तेंदुआ कैद हो गई। सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तो उन्होंने तेंदुए को पिंजरे में देखा और तत्काल वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन दरोगा राजेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह और डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने मौके पर जमा भीड़ को नियंत्रित किया और पिंजरे को अपने कब्जे में लिया। तेंदुए को सुरक्षित रूप से मुरादाबाद के ‘डियर पार्क’ ले जाया गया, जहां पशु चिकित्सकों ने उसका मेडिकल परीक्षण किया। परीक्षण में तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। तेंदुए के पकड़े जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों ने अब राहत की सांस ली है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *