मैहर शहर के वार्ड क्रमांक 9, पुरानी बस्ती उत्तर दरवाजा क्षेत्र में सीवर लाइन निर्माण के दौरान हुए विस्फोट से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में घर में रखी शादी में दहेज के लिए रखी एक नई बुलेट बाइक मलबे में दबकर खराब हो गई। परिजनों के अनुसार, क्षेत्र में सीवर लाइन डालने का कार्य चल रहा है, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। रास्ते पर खोदे गए गहरे गड्ढों को लेकर पहले भी चिंता जताई गई थी, लेकिन कोई ठोस उपाय नहीं किए गए। बताया गया है कि पाइपलाइन डालने के दौरान की गई ब्लास्टिंग इतनी तेज थी कि पास ही रहने वाले दिनेश प्रजापति का मकान प्रभावित हुआ। दिनेश प्रजापति की बेटी की शादी 21 अप्रैल को होनी है, जिसके लिए तैयार किया गया दहेज का सामान, जिसमें बुलेट बाइक भी शामिल थी, क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित संतोष प्रजापति ने बताया कि ब्लास्टिंग के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे घर का एक हिस्सा गिर गया। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधि मुन्ना रमेश प्रजापति ने निर्माण कार्य में लापरवाही के लिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। पीड़ित परिवार अब प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है और एसडीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।
Source link